376.56 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन के साथ कृषि क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि, 3,436 नई फसल किस्में विकसित; कृषि और ग्रामीण विकास की ताकत से गरीबी उन्मूलन को मिली गति
हलधर किसान | नई दिल्ली। भारतीय कृषि क्षेत्र लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाओं और किसानों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं के दम पर देश की कृषि अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। भारत की दशकीय कृषि विकास दर बढ़कर 4.45 प्रतिशत के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है, जो हरित क्रांति के दौर में दर्ज 3 से 3.5 प्रतिशत की विकास दर से भी अधिक है। वहीं देश का खाद्यान्न उत्पादन 376.56 मिलियन टन और बागवानी उत्पादन 386.91 मिलियन टन तक पहुंच गया है। कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में भी भारत ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अनुसार, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा में निवेश किए गए प्रत्येक 1 रुपये पर 13.85 रुपये का आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है। ये उपलब्धियां बताती हैं कि भारतीय कृषि अब केवल खाद्यान्न उत्पादन तक सीमित नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति और ग्रामीण समृद्धि का मजबूत आधार बन रही है।
कृषि क्षेत्र की इन उपलब्धियों, किसानों की आय बढ़ाने में वैज्ञानिक अनुसंधान की भूमिका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की भावी रणनीति पर चर्चा के लिए नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के चार विभागों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में कृषि विकास, कृषि अनुसंधान, जल संरक्षण, भूमि सुधार और ग्रामीण आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान भी उपस्थित रहे। इसके अलावा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, भूमि संसाधन विभाग और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के वरिष्ठ अधिकारियों, वैज्ञानिकों तथा कर्मचारियों ने भाग लिया।
4.45 प्रतिशत कृषि विकास दर ने बनाया नया रिकॉर्ड
कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारतीय कृषि ने उल्लेखनीय प्रगति की है। हरित क्रांति के दौर में कृषि विकास दर लगभग 3 से 3.5 प्रतिशत के आसपास रहती थी, लेकिन आज भारत की दशकीय कृषि विकास दर बढ़कर 4.45 प्रतिशत के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसानों की मेहनत, वैज्ञानिकों के अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और सरकार की कृषि कल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है। देश में खाद्यान्न उत्पादन 376.56 मिलियन टन तक पहुंचना और बागवानी उत्पादन का 386.91 मिलियन टन होना कृषि क्षेत्र की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कृषि को मजबूत बनाने के लिए किसानों को आर्थिक सहायता, सस्ता कृषि ऋण, फसल बीमा, प्राकृतिक खेती और आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर लगातार काम किया जा रहा है।
ICAR के अनुसंधान ने हर 1 रुपये पर दिया 13.85 रुपये का लाभ
कार्यशाला में कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रत्येक 1 रुपये के निवेश पर 13.85 रुपये का आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है। वहीं पशुपालन अनुसंधान में प्रत्येक 1 रुपये के निवेश पर 20.81 रुपये का लाभ मिला है।
वर्ष 2014 के बाद से देश में 3,436 नई फसल किस्में जारी की गई हैं। इनमें लगभग 93 प्रतिशत किस्में जलवायु अनुकूल हैं। बदलते मौसम, तापमान में उतार-चढ़ाव और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच ये किस्में किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं।
इसके अलावा बायोफोर्टिफाइड फसल किस्मों के विकास, कृषि यंत्रीकरण और वैज्ञानिक तकनीकों के प्रसार पर भी काम किया गया है। देश में 500 से अधिक कृषि यंत्रों के विकास तथा कृषि विज्ञान केंद्रों (KVK) के माध्यम से हर साल लगभग 5 करोड़ किसानों तक डिजिटल जानकारी पहुंचाने की पहल की गई है।
मत्स्य क्षेत्र में भी भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। कार्यशाला में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, देश का मत्स्य उत्पादन 19.78 मिलियन टन तक पहुंच गया है। कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य संबद्ध गतिविधियां किसानों की आय के नए अवसर तैयार कर रही हैं।
पीएम-किसान से लेकर FPO तक, किसानों को मिल रही आर्थिक मजबूती
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की उपलब्धियों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का महत्वपूर्ण स्थान रहा। इस योजना के तहत किसानों को अब तक 4.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सीधी आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
इसके साथ ही किसानों को सस्ता कृषि ऋण उपलब्ध कराने, फसल बीमा का लाभ देने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के गठन के माध्यम से कृषि व्यवसाय को मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है। देश में 10,000 एफपीओ की पहल और एग्रीस्टैक जैसी डिजिटल परियोजनाएं किसानों को तकनीक, बाजार और सरकारी सेवाओं से जोड़ने का प्रयास हैं।
कृषि क्षेत्र में इन पहलों का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि खेती को अधिक लाभकारी बनाना, लागत कम करना और किसानों को बाजार में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी है।
जल संरक्षण और भूमि सुधार से 61.15 लाख किसानों को लाभ
कृषि उत्पादन बढ़ाने में पानी और उपजाऊ भूमि की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए भूमि संसाधन विभाग द्वारा जल संरक्षण एवं भूमि सुधार के कार्य किए जा रहे हैं। कार्यशाला में बताया गया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जलग्रहण विकास घटक (WDC-PMKSY) के माध्यम से लगभग 3.40 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र का उपचार किया गया है।
इन कार्यों से लगभग 61.15 लाख किसानों को सीधा लाभ मिला है। जल संरक्षण, भूमि सुधार और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से खेती की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिली है। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि दर्ज की गई है तथा किसानों की औसत वार्षिक आय में 70 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जानकारी प्रस्तुत की गई।
कृषि को वैश्विक बाजार में मजबूत बनाने पर जोर
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय कृषि की उपलब्धियों को किसानों और आम जनता तक पहुंचाना आवश्यक है। वैज्ञानिक अनुसंधान, नई फसल किस्मों और आधुनिक तकनीकों का लाभ देश के प्रत्येक किसान तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2029, 2030-31 और विकसित भारत @2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए कृषि क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना है। मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि उत्पादों को दुनिया के बाजार में नई पहचान दिलाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहुंच बढ़ाने की दिशा में काम करना होगा।
यह भी पढेंः- धान की फसल पर गर्दन तोड़ ब्लास्ट रोग का खतरा, मौसम विभाग ने किसानों को दी तत्काल छिड़काव की सलाह
