किसानों के लिए सम्मान और समृद्धि का प्रतीक बनी भावांतर योजना : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादवमुख्यमंत्री ने 1.33 लाख से अधिक किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपए की भावांतर राशि अंतरित की

Bhavantar Yojana has become a symbol of respect and prosperity for farmers

हलधर किसान। देवास।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भावांतर भुगतान योजना अन्नदाता के उत्थान और सम्मान का प्रतीक है। किसानों को एमएसपी की गारंटी का वादा निभाते हुए प्रदेश सरकार ने भावांतर योजना के तहत 1 लाख 33 हजार से अधिक किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपए की राशि सीधे अंतरित की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भावांतर योजना लागू की।

डॉ. यादव ने बताया कि पिछले वर्ष सोयाबीन का भाव 4800 रुपए था, जबकि इस वर्ष किसानों को 500 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त लाभ दिया गया है। भावांतर योजना के लिए प्रदेश में 9 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है और पंजीकृत किसान 15 जनवरी तक अपनी उपज मंडियों में बेच सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजना की शुरुआत के मात्र 15 दिन में ही किसानों से किया गया वादा पूरा किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 183.25 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया और जैविक खेती, कृषि यंत्र व पीएमएफएमई जैसी योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कृषि यंत्रों एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने वाली प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

डॉ. यादव ने घोषणा की कि वर्ष 2026 को ‘कृषि आधारित उद्योग वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खरीदी की पूरी प्रक्रिया अब पारदर्शी है, ई-मंडी पोर्टल पर रियल टाइम एंट्री और सीसीटीवी निगरानी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए भावांतर कॉल सेंटर भी स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेती के साथ गोपालन को भी बढ़ावा दे रही है। प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को 4 हजार रुपए प्रति एकड़ अनुदान दिया जा रहा है। दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना लागू की गई है, जिसके तहत 40 लाख रुपए की डेयरी यूनिट पर 10 लाख रुपए की सब्सिडी मिलेगी। नरवाई की समस्या समाधान के लिए प्रदेश में कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों और लाड़ली बहनों के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। बहनों का आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सनातन संस्कृति का गौरव है। जहां देवियों का वास है, वही देवास है।

इस अवसर पर सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक श्रीमती गायत्री राजे पंवार, विधायक डॉ. राजेश सोनकर, विधायक श्री मनोज चौधरी, विधायक श्री मुरली भंवरा, महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में किसान, लाड़ली बहनें और नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और नागरिकों ने भव्य स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *