Headlines

बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन लॉन्च, सिर्फ 1-2 रुपये में मिलेगी सुरक्षा; भोपाल में बनेगी 300 करोड़ की अत्याधुनिक लैब

हमसे जुड़ेंलिंक कॉपी हुआ ✓

हलधर किसान भोपाल। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में पशुपालन और पोल्ट्री क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इस वैक्सीन की कीमत मात्र 1 से 2 रुपये प्रति खुराक रखे जाने की बात कही गई है। इससे छोटे और बड़े पोल्ट्री कारोबारियों को बर्ड फ्लू के संक्रमण से मुर्गियों की सुरक्षा करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की भी घोषणा की।

दुनिया में पहली बार H5N1 के लिए स्वदेशी चिकन वैक्सीन का दावा

भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने इस वैक्सीन को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केंद्रीय मंत्री ने इसे भारतीय वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह वैक्सीन देश के पोल्ट्री उद्योग को नई सुरक्षा प्रदान करेगी। इसकी बेहद कम कीमत का उद्देश्य यह है कि आर्थिक रूप से कमजोर और छोटे मुर्गीपालक भी अपने पशुधन को बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण करा सकें।

भारत में वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर क्षेत्र में बर्ड फ्लू का पहला बड़ा प्रकोप सामने आया था। उस समय संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए लाखों मुर्गियों को मारना पड़ा था। इसके बाद भी देश के अलग-अलग हिस्सों में इस बीमारी के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। वर्ष 2021 में करीब 9 लाख और इस वर्ष लगभग 2 लाख मुर्गियों की मौत का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बर्ड फ्लू के कारण पोल्ट्री कारोबारियों को लंबे समय से भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता रहा है। अब स्वदेशी वैक्सीन से इस चुनौती का मुकाबला करने में मदद मिलेगी।

भोपाल को मिलेगी 300 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक लैब की सौगात

कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भोपाल का NIHSAD संस्थान देश के वैज्ञानिक सामर्थ्य और अनुसंधान क्षमता का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पहले इस वैक्सीन के लोकार्पण का कार्यक्रम दिल्ली से करने की योजना थी, लेकिन उन्होंने निर्णय लिया कि जिस संस्थान के वैज्ञानिकों ने दिन-रात मेहनत करके यह उपलब्धि हासिल की है, उसी भोपाल की धरती से इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाना चाहिए। नई प्रयोगशाला बनने से पशु रोगों पर अनुसंधान, वैक्सीन विकास और जैव सुरक्षा से जुड़ी वैज्ञानिक क्षमताओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम, बीमारी से हर साल हजारों करोड़ का नुकसान

केंद्रीय मंत्री ने पशुपालन और पोल्ट्री क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम की तरह हैं, जो खेती के साथ नियमित आमदनी का साधन बनते हैं। देश की जीडीपी में पशुपालन का लगभग 14 प्रतिशत और पोल्ट्री क्षेत्र का करीब 1 प्रतिशत योगदान है।

उन्होंने विभिन्न पशु रोगों से होने वाले आर्थिक नुकसान के आंकड़े भी सामने रखे। उनके अनुसार खुरपका-मुंहपका रोग (FMD) से करीब 22 हजार करोड़ रुपये, लंपी वायरस से 20 हजार करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और भेड़-बकरियों में फैलने वाले पीपीआर रोग से लगभग 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता रहा है। इस प्रकार इन बीमारियों के कारण देश को करीब 56 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। स्वदेशी टीकों के विकास से इस नुकसान को कम करने में मदद मिल रही है।

पशु टीकाकरण अभियान में भारत ने हासिल की बड़ी उपलब्धियां

शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने ब्रुसेलोसिस नियंत्रण की दिशा में हुई प्रगति को भी महत्वपूर्ण बताया।

वर्ष 2022 में देश के कई हिस्सों में लंपी त्वचा रोग का प्रकोप हुआ था। उस दौरान लगभग 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए और 1 लाख 86 हजार पशुओं की मौत हुई थी। इस चुनौती से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने ‘लंपी प्रोवैकइंड’ वैक्सीन विकसित की। इसके अलावा भोपाल के NIHSAD संस्थान ने गंबेरो, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर से संबंधित स्वदेशी वैक्सीन विकास में भी योगदान दिया है।

वैज्ञानिकों की मेहनत और समर्पण को किया नमन

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे वैज्ञानिकों की कई महीनों की मेहनत रही। केंद्रीय मंत्री ने डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. सहित पूरी वैज्ञानिक टीम को बधाई दी।

उन्होंने बताया कि वैज्ञानिकों ने शनिवार और रविवार की छुट्टियां तक छोड़कर लगातार शोध कार्य किया। उच्च जैव-सुरक्षा मानकों के कारण उन्हें कड़े प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ता था। प्रयोगशाला में काम करने के बाद घर जाने से पहले और वापस आने पर विशेष सैनिटाइजेशन प्रक्रिया अपनानी पड़ती थी। यहां तक कि शोध कार्य के दौरान वैज्ञानिक अपने घरों में पालतू पशु भी नहीं रख सकते थे। मंत्री ने वैज्ञानिकों के इस समर्पण की तुलना सैनिकों की तपस्या से की।

आत्मनिर्भर भारत की वैज्ञानिक शक्ति का प्रतीक बनी उपलब्धि

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक आशीष शर्मा, महापौर मालती राय, ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, NIHSAD के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वैज्ञानिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने कोविड महामारी के दौरान भी स्वदेशी वैक्सीन विकसित करके अपनी वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया था। अब बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन और भोपाल में प्रस्तावित नई प्रयोगशाला देश को पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

यह भी पढे़:- मथुरा में एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन का मंडल स्तरीय सम्मेलन संपन्न, व्यापारियों की एकजुटता पर दिया जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *