Headlines

समाजसेवा के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ गए स्व. विनोद जैन, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब

हमसे जुड़ेंलिंक कॉपी हुआ ✓

विधायकों सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, कृषि आदान क्षेत्र में योगदान को किया याद

जैन परिवार की अनूठी पहल, श्रद्धांजलि सभा में वितरित किए पौधे; विधायक सचिन यादव ने पुत्र विवेक जैन को गले लगाकर बंधाया ढांढस

हलधर किसान खरगोन। शहर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं कृषि आदान विक्रेता संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी स्वर्गीय विनोद जैन ने अपने जीवनकाल में समाजसेवा, कृषि क्षेत्र और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से ऐसी पहचान बनाई, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन से न केवल जैन समाज, बल्कि कृषि आदान व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। सोमवार शाम 75 वर्ष की आयु में उनके निधन के बाद गुरुवार को राधाकुंज परिसर में उठावना एवं पगड़ी रस्म का कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धांजलि सभा में राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और कृषि क्षेत्र से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों सहित बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में कसरावद विधायक सचिन यादव, भगवानपुरा विधायक केदार डावर, कृषि उप संचालक एसएस राजपूत, कृषि आदान विक्रेता संघ मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपूत, प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी, जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चावला, अभिभाषक संघ अध्यक्ष पवन बिल्लौरे, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष परसराम चौहान, रणजीत डण्डीर, वरिष्ठ पत्रकार मनोज रघुवंशी, आशुतोष पुरोहित और पत्रकार संजय पाराशर सहित कांग्रेस एवं भाजपा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा जैन तीर्थ क्षेत्र बावनगजा, ऊन एवं सिद्धवरकूट से जुड़े ट्रस्टियों और प्रतिनिधियों में विनोद डोसी, हेमंत झांझरी, आशीष चौधरी, मनीष जैन, राजेंद्र जैन ‘महावीर’, नरेंद्र जैन, सुनील जैन, डेविड जैन, पारसमल जैन, सुरेश व्यास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों एवं समाजजनों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने भी स्व. विनोद जैन के निवास स्थान पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

नेक कर्मों से हमेशा किए जाएंगे याद

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक सचिन यादव एवं विधायक केदार डावर ने स्व. विनोद जैन के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि समाज में कुछ ही ऐसे विरले व्यक्तित्व होते हैं, जो अपने जीवनकाल में अपने कार्यों और व्यवहार से ऐसी अमिट छाप छोड़ जाते हैं कि उनके जाने के बाद भी उनकी स्मृतियां लोगों के दिलों में जीवित रहती हैं। स्व. विनोद जैन भी ऐसे ही व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें केवल उनके नाम से नहीं, बल्कि उनके नेक कार्यों, सेवाभाव और समाज के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. जैन ने कृषि आदान क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अपने ईमानदार व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोग की भावना से कृषि व्यवसाय जगत के साथ-साथ राजनीति एवं सामाजिक क्षेत्र में भी विशिष्ट पहचान बनाई। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि व्यक्ति अपने अच्छे व्यवहार, विचारों और कर्मों से समाज में स्थायी स्थान बना सकता है। उनके निधन से समाज ने एक अनुभवी मार्गदर्शक और सेवाभावी व्यक्तित्व खो दिया है, जिसकी भरपाई करना कठिन है।

विधायक सचिन यादव ने विवेक जैन को गले लगाकर बंधाया ढांढस

श्रद्धांजलि सभा का सबसे भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब विधायक सचिन यादव ने स्व. विनोद जैन के पुत्र विवेक जैन को गले लगाकर ढांढस बंधाया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। विधायक यादव ने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और हिम्मत बनाए रखने का भरोसा दिलाया। स्व. विनोद जैन की धर्मपत्नी मीना जैन, पुत्र विवेक जैन, पुत्री बरखा बड़जात्या तथा परिजनों मुक्ति, वंश और मौली सहित परिवार के अन्य सदस्यों को उपस्थित महिला-पुरुषों एवं गणमान्य नागरिकों ने सांत्वना दी।

श्रद्धांजलि के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

श्रद्धांजलि सभा के दौरान जैन परिवार ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों को पौधे भेंट किए। परिवार की ओर से पौधे वितरित कर सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और पौधों को लगाकर उनकी देखभाल करने का आग्रह किया गया। सामान्यतः श्रद्धांजलि सभाओं में पुष्पांजलि और शोक संवेदनाओं के माध्यम से दिवंगत आत्मा को याद किया जाता है, लेकिन जैन परिवार ने पौधों के वितरण के माध्यम से श्रद्धांजलि को एक सकारात्मक सामाजिक संदेश से जोड़ दिया।

यह पहल स्व. विनोद जैन के सेवाभावी विचारों और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास रही। पौधा वितरण के माध्यम से परिवार ने यह संदेश दिया कि प्रकृति का संरक्षण भी समाजसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। एक पौधा लगाना और उसे वृक्ष बनने तक संभालना आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य योगदान है।

संवेदना पत्रों का वाचन, भावपूर्ण माहौल में संपन्न हुई सभा

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाज संस्थाओं, ट्रस्टों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों की ओर से प्राप्त शोक संवेदना एवं श्रद्धांजलि पत्रों का वाचन किया गया। सभा का भावपूर्ण संचालन समाज के वरिष्ठ सदस्य शैलेश जैन ने किया। उन्होंने स्व. विनोद जैन के जीवन, व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सकल जैन समाज के प्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, कृषि आदान व्यवसायियों, राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

स्व. विनोद जैन का जीवन समाज के लिए समर्पण, आपसी सद्भाव, सहयोग और सेवा भावना का प्रतीक रहा। उनके द्वारा किए गए कार्य और लोगों के साथ बनाए गए आत्मीय संबंध हमेशा उनकी याद दिलाते रहेंगे। श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसमूह इस बात का प्रमाण रहा कि उन्होंने अपने जीवन में लोगों के दिलों में कितना गहरा स्थान बनाया था। उनके विचारों और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

यह भी पढे़:- मथुरा में एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन का मंडल स्तरीय सम्मेलन संपन्न, व्यापारियों की एकजुटता पर दिया जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *