अमृत हरित महा अभियान: बालाघाट में 5 हजार पौधों का रोपण, थीम पार्क और हरित बेल्ट से बदलेगा शहर का स्वरूप

Amrit Harit Maha Abhiyan Planting of 5000 saplings in Balaghat theme park and green belt will change the face of the city

हलधर किसान बालाघाट। शहर को हरित, सुंदर और स्वस्थ वातावरण देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा अमृत हरित महा अभियान के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, हरित बेल्ट निर्माण और थीम पार्कों के विकास का कार्य किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान में नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में अब तक 5,000 पौधों का रोपण किया जा चुका है, वहीं शहर के कई हिस्सों में नए-नए पार्क और ग्रीन स्पेस विकसित किए जा रहे हैं।

60

अभियान के नोडल अधिकारी एवं उद्यान अधीक्षक श्री प्रभात राहांगडाले ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री बी.डी. कतरोलीया के मार्गदर्शन में एक सुनियोजित कार्ययोजना तैयार कर अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर जीवन गुणवत्ता उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में मियावाकी पद्धति के तहत घने और तेजी से विकसित होने वाले पौधों का रोपण किया गया है। इस पद्धति से लगाए गए पौधे कम समय में प्राकृतिक जंगल जैसा स्वरूप लेते हैं, जिससे तापमान नियंत्रण, प्रदूषण में कमी और जैव विविधता को बढ़ावा मिलता है। रोपण कार्य के अंतर्गत AHP साइट, वार्ड क्रमांक 1 में 870 पौधे, समता तालाब, वार्ड 14 में 190 पौधे, मोती तालाब की पार, वार्ड 23 में 1,750 पौधे, नमो उपवन, वार्ड 33 में 1,230 पौधे, वार्ड 33 नदी किनारे 530 पौधे तथा अन्य वार्डों में शेष पौधों का रोपण किया गया है।

65

अमृत हरित महा अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा नवाचारपूर्ण पहल करते हुए शहर के ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर उन्हें ग्रीन स्पेस में परिवर्तित किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुरातत्व संग्रहालय से उत्कृष्ट विद्यालय के आखिरी छोर तक महानगरों की तर्ज पर योजना बनाकर नए छत्रपति शिवाजी पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क अब नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य, योग, सैर और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

इसके अलावा सौंदर्यीकरण की दिशा में दादा-दादी पार्क और नाना-नानी पार्क जैसे थीम पार्कों का निर्माण भी किया जा रहा है, ताकि बुजुर्गों और परिवारों को विशेष रूप से अनुकूल वातावरण मिल सके। AHP साइट में पार्क का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि पी.जी. कॉलेज के सामने पार्क निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इन पार्कों में हरियाली के साथ बैठने की व्यवस्था, पाथवे और खुले स्थान विकसित किए जा रहे हैं।

नगर पालिका परिषद ने आगामी दिनों के लिए भी व्यापक योजना तैयार की है। इसके अंतर्गत शहर के चौक-चौराहों, सेंट्रल वर्ज, रिक्त स्थलों पर हरित बेल्ट निर्माण, नए थीम पार्क और वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी मजबूत होगा।

अमृत हरित महा अभियान के माध्यम से बालाघाट को एक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। नगर पालिका की यह पहल आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण का एक प्रभावी मॉडल साबित हो सकती है।

यह भी पढेंः- वन नेशन वन रजिस्ट्रेशन”- बीज कानून – 35

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *