सहकारी सोसायटी का कर्ज चुकाने की बढ़े तारीख..
हलधर किसान खरगोन। वर्तमान समय में किसान अपनी रबी फसल, कटाई और भंडारण में व्यस्त हैं, जिससे वे अपनी उपज को मंडियों तक समय पर नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इस कारण वे सहकारी ऋण समय पर जमा करने में असमर्थ हो सकते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त ब्याज राशि का आर्थिक भार उठाना पड़ेगा। शासन किसान की स्थिति को ध्यान में रखकर जिला सहकारी बैंकों की रीनिवल तारीख 30 मई की जाए।
यह मांग गुरुवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के पदाधिकारियों ने किसानों के ज्वलंत मुद्दों को लेकर किए प्रदर्शन के दौरान की। एसडीएम कार्यालय परिसर में इकट्ठा हुए पदाधिकारियों ने 8 सुत्रीय मांगों को लेकर नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया। महासंघ के प्रांतीय पदाधिकारी गोपाल पाटीदार, जिलाध्यक्ष किशोर पाटीदार, सीताराम इंगला आदि ने कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन बताया कि देशगांव से जुलवानिया तक फोर लाईन स्वीकृत हुई है, इसमें किसानों के खेत- खलिहान कि बहुपयोगी जमीन अधिग्रहित की जा रही है, हमारी मांग है कि किसानों को उनकी जमीन का बाजार मूल्य दिया जाए, जबकि प्रदेश सरकार अन्य राज्यों के मुकाबले शासकिय दर से दो गुना राशि दे रही है वही अन्य राज्यों में यह राशि चार गुना है।
सीसीबी एमडी के खिलाफ हो कार्रवाई
ज्ञापन में आरोप लगाया कि सीसीबी एमडी द्वारा अवैध तरीके से तीन चरण में खाद प्रचार के नाम पर लाखों रुपए की गड़बडी की गई है, जिसका पूर्व में आयुक्त द्वारा कथन होने के बाद आज तक रिपोर्ट नही दी गई। उक्त मामले की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की जाए।
बीज आपूर्ति के लिए किसान संगठनों से करें बैठक
ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि आगामी दिनों में कपास, मिर्च, मक्का आदि फसलों के बीजों की मांग बढऩे वाली है, ऐसे में कंपनियां बीज की कमी बताकर किसानों के साथ आर्थिक लूट के साथ ही धोखा करती है। ऐसे में इन समस्याओं से निजात के लिए कृषि एवं हार्टिकल्चर विभाग किसान संगठनों के साथ बैठक कर पहले ही तैयारियों में जुट जाएं।
इसके अलावा आगामी सीजन में डीएपी 12,32,16 खाद की व्यवस्था भी मांग अनुसार पूर्ण करें। उद्वहन, ड्रीप एरिकेशन, माइक्रो योजनाओं के कार्यो की गति बढ़ाई जाए, पीपरी जामला उद्वहन का काम जल्द पूरा हो। सनावद मंडी के व्यापारी अखिलेश से कपास खरीदी के 2 करोड़ 61 लाख रुपए की राशि संपत्ति कुर्क कर लौटाई जाए जैसी मांगें शामिल है।
………………
