बीज व पेस्टिसाइड कानूनों पर व्यापारियों की आवाज़ बुलंद
हलधर किसान जयपुर। देश के कृषि आदान व्यापारियों के भविष्य को प्रभावित करने वाले बीज अधिनियम और पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल को लेकर देशभर में चल रही चिंताओं के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। राजधानी जयपुर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर इन दोनों विधेयकों पर विस्तृत चर्चा की और व्यापारियों का पक्ष संसद में सुने जाने की पुरजोर मांग रखी।

यह मुलाकात होटल मेरियट जयपुर में सम्पन्न हुई, जिसमें जयपुर की सांसद मंजू शर्मा भी उपस्थित रहीं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने किया। बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि कृषि आदान विक्रेताओं से बिना चर्चा किए बीज अधिनियम और पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल संसद में पारित कर दिए गए, तो इससे पूरे देश में बीज, खाद और कीटनाशक व्यापार से जुड़े लाखों लोगों पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।

व्यापारियों की मुख्य मांग
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इन दोनों विधेयकों को अंतिम रूप देने से पहले देशभर के कृषि आदान विक्रेताओं, डीलर्स और उनके संगठनों से व्यापक परामर्श किया जाए। उनका कहना था कि ये कानून केवल किसानों ही नहीं, बल्कि उन व्यापारियों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, जो खेती के लिए आवश्यक इनपुट समय पर किसानों तक पहुंचाते हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और इस विषय पर आगे चर्चा के लिए सहमति जताई। उन्होंने सांसद मंजू शर्मा को निर्देश दिया कि वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र ही एक औपचारिक बैठक की व्यवस्था कराएं, ताकि व्यापारियों की चिंताओं और सुझावों को विधिवत रूप से दर्ज किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे
इस महत्वपूर्ण वार्ता में राजस्थान एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन (रायडा) के उपाध्यक्ष श्री अभय शारदा, महासचिव श्री प्रमोद शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य श्री विजेन्द्र जैन (लालसोट) सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और व्यापारी नेता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल व्यापार की रक्षा करना नहीं, बल्कि किसानों को भी सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराना है।
मध्य प्रदेश से भी मिला समर्थन

इस बैठक के बाद मध्य प्रदेश कृषि आदान विक्रेता संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। भोपाल से जारी संयुक्त बयान में प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह जी राजपूत, प्रदेश सचिव व राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री संजय रघुवंशी, प्रदेश सदस्यता अभियान प्रभारी श्री विनोद जैन और प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे ने कहा कि यह मुलाकात राष्ट्रीय संगठन की एक और बड़ी सफलता है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से राष्ट्रीय संगठन और उसके सभी प्रांतीय घटक अपने-अपने स्तर पर केंद्रीय कृषि मंत्री से मिलकर व्यापार में आने वाली समस्याओं को सामने रख रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि संगठन पूरी मजबूती के साथ व्यापारियों की आवाज़ उठा रहा है। उनका विश्वास है कि चूंकि व्यापारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं, इसलिए अंततः सरकार इन पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
यह भी पढेंः- असंतुलित उर्वरक नीति से देश की मिट्टी खतरे में, प्रधानमंत्री मोदी को एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन का बड़ा सुझाव
