हलधर किसान भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार अब किसानों को खेतों में जाली लगाने के लिए अनुदान देगी, जिससे वे अपनी फसलों को जंगली और आवारा पशुओं से सुरक्षित रख सकें। सरकार की राष्ट्रीय बागवानी एकीकृत विकास कार्यक्रम योजना के तहत सब्जी, फल, फूल और मसाले जैसी उद्यानिकी फसलें उगाने वाले किसानों को खेतों की चारदीवारी के रूप में गेलनवाईज जाली लगाने के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी।
योजना के अंतर्गत जाली लगाने में आने वाले कुल खर्च का आधा हिस्सा यानी 50 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी। जाली लगाने का खर्च करीब 300 रुपये प्रति रनिंग मीटर आता है, ऐसे में यदि कोई किसान अपने खेत में 1000 मीटर जाली लगवाता है तो उसका कुल खर्च तीन लाख रुपये आएगा, जिसमें डेढ़ लाख रुपये सरकार द्वारा अनुदान के रूप में दिए जाएंगे और शेष राशि किसान को स्वयं वहन करनी होगी।
इस योजना का उद्देश्य खेतों को नीलगाय, जंगली सुअर और अन्य जानवरों से होने वाले नुकसान से बचाना है, जिससे किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सके। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए उन्हें mpfsts.mp.gov.inपोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा,
जिसमें पासपोर्ट साइज फोटो, बी-1, खसरा/पावती, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी और पात्र किसानों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। चयनित किसानों को नियमानुसार अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान अपने जिले के उद्यानिकी विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
“खेती की रखवाली अब सरकार के साथ – लगाएं जाली, बचाएं फसल”
यह भी पढेंः- एक बगिया मां के नाम” बनेगी आजीविका का नया माध्यम, महिलाएं होंगी लाभान्वित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
