जंतर-मंतर पर किसान महापंचायत आज, पुलिस की अनुमति नहीं, दिल्ली की सीमाओं पर बैरिकेडिंग

हलधर किसान। संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को जंतर-मंतर पर महापंचायत करने का एलान किया है। लेकिन दिल्ली पुलिस ने किसानों को जंतर-मंतर पर महापंचायत करने की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में ये तय नहीं है कि किसानों का क्या रुख रहेगा। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अनुमति नहीं देने की सूरत में किसानों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। हालांकि जो किसान नई दिल्ली में आ चुके हैं वह जंतर-मंतर जा सकते हैं। दिल्ली पुलिस किसानों के रुख को देखते हुए सुबह ही अपनी रणनीति तय करेगी।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि किसानों ने महापंचायत के लिए अनुमति मांगी थी। नई दिल्ली जिला पुलिस ने जंतर-मंतर पर महापंचायत करने की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा। बॉर्डरों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। किसानों को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। दिल्ली के अलावा नई दिल्ली के बॉर्डर को रविवार रात से ही सील कर दिया गया। किसानों को व उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों को नई दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। नई दिल्ली के सभी बॉर्डरों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। चेकिंग के बाद ही लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने दिया जा रहा था। पूरी दिल्ली पुलिस को अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कुछ किसान व किसान नेता नई दिल्ली में आ चुके हैं। ये गुरुद्वारे व धार्मिक स्थलों पर रूके हुए हैं। इन किसानों को जंतर-मंतर पर आने की अनुमति होगी। हालांकि तय सीमा से ज्यादा किसानों को जंतर-मंतर पर एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसानों का रुख स्पष्ट नहीं होने से दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से रविवार देर रात तक कोई स्पष्ट निर्देश नहीं आए थे।
पुलिस हिरासत में लिए गए थे टिकैत

बता दें कि भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के महत्वपूर्ण चेहरे राकेश टिकैत को रविवार को गाजीपुर बॉर्डर पर रोक लिया गया था. स्पेशल कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) दीपेंद्र पाठक ने बताया कि, राकेश टिकैत को हिरासत में लेने के बाद मधु विहार थाने ले जाया गया, जहां पुलिस ने उनसे लौट जाने का अनुरोध किया था. उन्होंने पुलिस के अनुरोध को स्वीकार कर लिया था.” वहीं वापस जाने के बाद टिकैत ने ट्वीट किया, ‘सरकार के इशारे पर काम कर रही दिल्ली पुलिस किसानों की आवाज को नहीं दबा सकती. यह गिरफ्तारी एक नई क्रांति लेकर आएगी. यह संघर्ष अंतिम सांस तक जारी रहेगा. न रुकेंगे, न थकेंगे और न ही झुकेंगे.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *