विधायक श्री पाटीदार ने साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का किया शुभारंभ

किसानों के लिए सम्मान और समृद्धि का प्रतीक बनी भावांतर योजना 1

हलधर किसान खरगोन l खरगोन जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने कृषि उपज मंडी समिति परिसर में साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ किया। यह हाट बाजार जिले के किसानों और उपभोक्ताओं के लिए एक ऐसा मंच बनेगा, जहां एक ओर किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिलेगा, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों को विषरहित, शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी।

14 1

शुभारंभ अवसर पर आयोजित इस हाट बाजार में जिले के लगभग 30 से अधिक जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। हाट में ताजे फल, सब्जियां, अनाज, दालें, मसाले, औषधीय फसलें एवं जैविक उत्पादों की भरपूर रेंज देखने को मिली। फलों में अमरूद, केला, पपीता, नींबू, जबकि सब्जियों में गिलकी, भिंडी, लौकी, टमाटर, बैंगन, अरबी, पालक, गोभी, ब्रोकली, मेथी, खीरा, मूली, हरा धनिया आदि शामिल रहे। अनाज वर्ग में गेहूं, मक्का, धान, ज्वार के साथ-साथ तुअर, मूंग, उड़द और चना दाल उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा मसालों में मिर्च, हल्दी, धनिया, अदरक, औषधीय फसलों में अमलतास, अश्वगंधा, सफेद मूसली, साथ ही जैविक गुड़, वर्मी कम्पोस्ट एवं अन्य जैविक उत्पादों की बिक्री की गई।

13

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि हमारे पूर्वजों की खेती पूरी तरह प्राकृतिक थी, जिसमें रसायनों का कोई स्थान नहीं था। समय के साथ परिस्थितियों के चलते रासायनिक खेती का चलन बढ़ा, लेकिन आज इसके दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं। खेती में रसायनों एवं उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण, भूमि की उर्वरता और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इन समस्याओं से बचने के लिए जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का मुख्य उद्देश्य जिले के उन किसानों को प्रोत्साहन देना है, जो रसायन मुक्त खेती कर रहे हैं, ताकि उन्हें उनके उत्पादों का उचित और लाभकारी मूल्य मिल सके। साथ ही उपभोक्ताओं को सीधे किसानों से शुद्ध एवं विषरहित उत्पाद प्राप्त हों। विधायक श्री पाटीदार ने बताया कि यह हाट बाजार अब प्रति रविवार नियमित रूप से कृषि उपज मंडी प्रांगण, बिस्टान रोड, खरगोन में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर परियोजना संचालक आत्मा श्री एम.एल. कनास, सहायक संचालक कृषि श्री प्रकाश ठाकुर, कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. सुनील त्यागी एवं दीपक मालवीय, सहायक संचालक कृषि डॉ. मना सोलंकी, उप परियोजना संचालक आत्मा श्री रामेश्वर चौहान सहित कृषि, आत्मा, उद्यानिकी और मंडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों और नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने वाला सार्थक कदम बताया। सभी ने उम्मीद जताई कि यह साप्ताहिक हाट बाजार आने वाले समय में किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ समाज को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करेगा।

यह भी पढेंः- मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना बनी पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि की नई राह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *