कृषि आदान विक्रेता संघ की वार्षिक बैठक में व्यापारियों ने दिखाई एकजुटता
हलधर किसान भोपाल। ऑनलाइन खरीदी बिक्री हमारे व्यवसाय के लिए धीमा जहर के समान है, जो कि हमारे बच्चों के भविष्य एवं व्यवसाय को बर्बाद कर देगा। इसको बचाने के लिए इसका पूर्ण रूप से बंद होना आवश्यक है और इसके लिए जरूरी है कि व्यापारी स्वयं जागरूक होकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को खरीदी एवं बिक्री दोनों पूर्ण रूप से तत्काल बंद करें ।

उक्त चिंतनीय विचार मध्य प्रदेश कृषि आदान विक्रेता संघ की भोपाल में वार्षिक साधारण के दौरान ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन के *राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण भाई पटेल* राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किये। श्री पटेल ने उपस्थित व्यापारियों एवं प्रदेश संगठन से आवाहन किया कि गुजरात में टोटल 13500 व्यापारी है एवं उनमें से 12500 हमारे संगठन के सक्रिय सदस्य हैं। इसी प्रकार मध्य प्रदेश में भी प्रत्येक व्यापारी को संगठन का सदस्य बनाना होगा तभी यह संगठन ऑल इंडिया संगठन के साथ लड़कर आपके हितों की रक्षा कर सकेगा ।
इस अवसर पर ऑल इंडिया संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलन्त्री ने बैठक में ऑनलाइन सम्बोधित किया। उन्होंने बैठक के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी के हुए चुनाव में चुने गए प्रदेश अध्यक्ष सहित नवीन कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उपस्थित लोगों से आवाहन किया कि वह संगठन को मजबूत करें तभी हम केंद्र सरकारों से आगामी समय में दृढ़ता से लड़ सकेंगे।

ऑनलाइन बन सकेंगे सदस्य
बैठक में मध्य प्रदेश में सदस्यता अभियान को सक्रिय रूप से चलाने के लिए विधिवत रूप से एक वेबसाइट का लांचिंग किया गया, जिसके माध्यम से प्रदेश का प्रत्येक व्यापारी अपने घर बैठे ही अपने मोबाइल फोन से ही क्यूआर कोड को स्कैन कर संगठन का सक्रिय सदस्य बन सकेगा ।
इनका हुआ चुनाव
इस प्रादेशिक सम्मेलन में सर्वसम्मति से मानसिंह राजपूत भोपाल को प्रदेश अध्यक्ष, संजय रघुवंशी उज्जैन को प्रादेशिक सचिव, श्रीकृष्णा दुबे इंदौर को उपाध्यक्ष एवं विजय बंसल विदिशा को प्रादेशिक कोषाध्यक्ष निर्वाचित किए जाने पर उपस्थित सदस्यों ने पदाधिकारियो का भव्य रूप से स्वागत किया एवं आश्वासन दिया है कि वह प्रदेश कार्यकारिणी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे। इस बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया में प्रदेश के 35 जिलों के लगभग ढाई सौ व्यापारियों ने शिरकत की।
चुनाव अधिकारी प्रमोद बजाज दमोह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर श्री राजपूत, सचिव पद के लिए रघुवंशी एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए विजय बंसल के एक-एक फॉर्म ही प्रस्तुत होने से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है।
