अनाधिकृत ऑनलाइन कीटनाशक व्यापार पर कार्रवाई के जारी किए आदेश
हलधर किसान, लुधियाना। कृषि आदान विक्रेता संघ के राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश और जिला स्तर तक ऑनलाईन व्यापार को लेकर चल रहे विरोध के बीच पंजाब के कृषि विभाग ने बड़ा आदेश जारी किया है।
पंजाब कृषि विभाग ने ई-कॉमर्स प्लेटफार्म पर बेचे जा रहे कीटनाशकों पर सख्ती दिखाते हुए सख्त दिशा- निर्देश जारी किए है।
मुख्य कृषि अधिकारी पंजाब ने अनाधिकृत ऑनलाइन और अंतर.राज्यीय कीटनाशक व्यापार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए है। जिला कृषि अधिकारियों को जारी इस आदेश में कहा है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अनाधिकृत कीटनाशक बिक्री को रोकने के लिए हाल ही में की गई विभागीय कार्रवाई के बाद, निर्देश दिया जाता है कि आप अपने-अपने जिलों में कीटनाशक अधिनियम और राज्य के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
- अपने जिले में सभी पंजीकृत कीटनाशक डीलरों और वितरकों के साथ आपातकालीन बैठकें आयोजित करनी होंगी। एजेंडा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सुविधाजनक अनाधिकृत व्यावसायिक संबंधों को समाप्त करने पर केंद्रित होना चाहिए।
-डीलरों को कीटनाशकों की खरीद या बिक्री के लिए ऑनलाइन कंपनियों या प्लेटफॉर्म के साथ किसी भी जुड़ाव को तुरंत निलंबित करना होगा। - कोई भी डीलर अनाधिकृत तरीके से राज्य के बाहर की संस्थाओं के साथ कीटनाशकों की खरीद या बिक्री में शामिल नहीं होगा। सभी व्यापार विनियमित, राज्य.अनुमोदित चैनलों के भीतर ही होने चाहिए।
-खरीद सख्ती से लाइसेंस प्राप्त और अधिकृत आपूर्ति श्रृंखलाओं का पालन करते हुए की जानी चाहिए। - स्टॉक प्रवेश बिंदुओं की निगरानी करने और अंतर.राज्यीय खरीद के लिए चालानों को सत्यापित करने के लिए क्षेत्रीय निरीक्षण तेज करें।
-इन आदेशों का उल्लंघन करते हुए पाए जाने वाले किसी भी डीलर . विशेष रूप से अनाधिकृत ऑनलाइन या राज्य के बाहर व्यापार में शामिल होने वाले . का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाएगा और उसके बाद कानूनी कार्यवाही की जाएगी। - किसानों को केवल लाइसेंस प्राप्त, भौतिक दुकानों वाले डीलरों से ही कीटनाशक खरीदने चाहिए।
- किसानों को उत्पाद की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने और गुणवत्ता में कमी के मामले में विभागीय सहायता प्राप्त करने में सक्षम होने के लिए प्रत्येक लेनदेन के लिए उचित खरीद बिल पर जोर देना चाहिए।- संयुक्त निदेशक कृषि पादप संरक्षण
कृषि आदान विक्रेता संघ ने निर्णय का किया स्वागत
कृषि आदान विक्रेता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री ने पंजाब कृषि विभाग के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि विभाग ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अनधिकृत कीटनाशक बिक्री को रोक लगाने का जो निर्णय लिया है, वह कहीं न कहीं कृषि आदान व्यापार को नई ऊर्जा देने वाल निर्णय साबित होगा। यह निर्णय देशभर में लागू होना चाहिए।

मप्र संगठन अध्यक्ष मानसिंह एवं जागरुक कृषि आदान विक्रेता संघ जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण दुबे ने कहा कि कुछ ऑनलाइन कंपनियों क अनाधिकृत कारोबार से स्थायी व्यापारियों की छवि खराब होने के साथ ही व्यापार पर असर पड़ रहा है। किसान को भी मानक स्तर एवं गुणवत्तायुक्त कृषि आदान नही मिल पाता। यह निर्णय देश के सभी राज्यों में लागू होना चाहिए, जिससे अन्नदाता ठगा न जाए।
यह भी पढेंः- कृषि आदान व्यापारियों ने ऑनलाईन व्यापार बहिष्कार का लिया संकल्प
