कृषि व्यापार को बढ़ावा देने के साथ ही समस्याओं पर किया मंथन
हलधर किसान, इंदौर। जागरूक कृषि आदान विक्रेता संघ इंदौर का द्वितीय वार्षिक जिला स्तरीय महाअधिवेशन कृषि आदान विक्रेताओं की एकता का प्रतीक बना। यहां जिलेभर के व्यापारियों ने शामिल होकर एकजुटता का परिचय दिया। महाअधिवेशन में संगठन विस्तार के साथ ही कृषि व्यापार में आ रही समस्याओं पर मंथन किया गया।
शहर के पश्चिम क्षेत्र के पुण्य होटल रिसार्टस केट रोड पर आयोजित महाअधिवेशन में ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर संगठन नई दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मानसिह राजपूत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं संजय रघुवंशी राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संजय शुक्ला पूर्व विधायक बतौर अतिथि शामिल हुए।

अतिथियों का स्वागत जागरुक कृषि आदान विक्रेता संघ जिलाध्यक्ष श्रीकृष्णा दुबे, सचिव जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष पूनम हार्डिया, अजय गुप्ता, सूरज गुप्ता, अभिषेक दुबे, चंद्रप्रकाश जैन ने किया। संचालन आशीष लाठी ने किया। जिलाध्यक्ष श्री दुबे ने समारोह में कहा की मप कृषि आदान विक्रेता संघ भोपाल एवं ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर संगठन नई दिल्ली के वरिष्ठ पदाधिकारी द्वय का मार्गदर्शन के परिणाम स्वरूप हम अपने संगठन को इंदौर जिले के अनेक तहसीलों में स्थित विक्रेता बन्धुओं को संगठन से जोड़ पाए हैं।
मुख्य अतिथि श्री राजपूत ने कहा कि कृषि व्यवसाय अपने अस्तित्व के खतरे में है। समाज में इस व्यवसाय को करने वालों का कोई सम्मान नहीं है। अब सरकार पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल विधेयक लाने की तैयारी कर रही है।

ऑनलाईन व्यापार पूर्णत: गलत
श्री राजपुत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कीटनाशक बनाने वाली अनेक बड़ी कंपनियां अपने उत्पाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर व्यापारियों एवं किसानों को कीटनाशक बेचने का कार्य कर रही है, जो पूर्णत: गलत है क्योंकि इनके पास प्रिंसिपल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं होते हैं। इन कंपनियों के खिलाफ कानून कार्यवाही की जाना चाहिए। पूर्व विधायक श्री शुक्ला ने कहा कि मेरा परिवार कृषि व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। समय-समय पर आपके कार्यक्रमों में आने का अवसर भी प्राप्त हुआ है। मैं आपके परिवार का ही सदस्य हूं।
राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री रघुवंशी ने कृषि व्यवसायियों को व्यवसाय में आने वाली कानून समस्या के निदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभागार में उपस्थित सभी कृषि आदान व्यवसाईयों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। श्री रघुवंशी ने खाद-बीज पेस्टिसाइड के नमुने फेल होने पर व्यापारियों को बचाव के उपाय एवं अन्य कानूनी जानकारियां दी। प्रदेश संगठन पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल के विरोध में हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट जाने पर संघ के सदस्यों को ही लाभ मिलेगा।
लेखराज खत्री कृषि आदान विक्रेता संघ अध्यक्ष उज्जैन ने कहा की मैं इस अवसर पर स्व. आर आर गुप्ता का स्मरण करना चाहूंगा, जिन्होंने जागरूक कृषि आदान विक्रेता संघ की स्थापना करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन किया था। आज वे हमारे बीच नहीं है पर हम सभी उनका स्मरण कर सभी श्रृद्धा सुमन अर्पित करते हैं।
कार्यक्रम के मध्य अतिथि द्वय को स्मृति चिन्ह कमल बिरला, किशोर पुराणिक, विनोद चौहान, सुनील पाटीदार ने भेंट किया। सचिव जैन ने आभार संबोधन में कहा कि अतिथि देवो भव के लिए विख्यात इंदौर शहर में आज के आयोजन को आप सभी ने जो अमूल्य समय दिया जो संगठन की एकता का परिचायक है।,

संगठन ने बच्ची के उपचार के लिए दी आर्थिक सहायता
कार्यक्रम स्थल परअनिका शर्मा जो एक विशेष बीमारी से पीडि़त है होने पर उस बच्ची की माता को संघ इन्दौर की ओर से तत्काल 1 लाख 11 हजार 111 रुपए की सहायता राशि की घोषणा गई। संघ के अध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे में बच्ची की माता को आश्वासन दिया कि हम इस राशि को बढ़ाकर ज्यादा से ज्यादा जितना भी इकट्ठा हो वह हम करके देंगे। उपसंचालक कृषि विभाग के श्री मालवीय और एस एन जाट भी उपस्थित रहे। समारोह में
कृषि आदान विक्रेता संघ भोपाल के अध्यक्ष मान सिंह ने जागरूक कृषि आदान विक्रेता संघ जिला इंदौर के अध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे को प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ.साथ संभागीय अध्यक्ष भी नियुक्त किया। इस नियुक्ति पर समूचा सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित व्यापारियों ने कहा कि श्री दूबे की संगठन के प्रति समर्पण भावना और उनके नेतृत्व क्षमता से संगठन अब जिले के साथ समूचे प्रदेश में नई ऊंचाईयां हासिल करेगा।
यह भी पढेंः- प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना अंतर्गत जर्जर स्कूलों के मरम्मत कार्यों को दी गई प्रशासकीय स्वीकृति
