गृहमंत्री शाह ने निजामाबाद में किया हल्दी बोर्ड का उद्घाटन
हलधर किसान। तेंलगाना के हल्दी किसानों की 40 साल पुरानी मांग रविवार को पूरी हो गई। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्य के निजामाबाद में एक हल्दी बोर्ड का उद्घाटन किया। हल्दी के किसान पिछले कई सालों से एक बोर्ड के गठन की मांग कर रहे थे. अब तेलंगाना किसानों की उगाई हल्दी यूरोप के कई देशों के अलावा अमेरिका और कई और बड़े देशों को भेजी जाएगी. हल्दी की खेती निजामाबाद और गोदावरी नदी के किनारे उत्तरी तेलंगाना के कुछ हिस्सों में बड़े पैमाने पर की जाती है. केंद्र सरकार की योजना बोर्ड के जरिये हल्दी के औषधीय गुणों का व्यापक स्तर पर लाभ उठाने की है. आंकड़ों के मुताबिक 2023-24 में भारत में 3.05 लाख हेक्टेयर में हल्दी की खेती हुई जिसमें 10.74 लाख टन हल्दी का उत्पादन रिकॉर्ड किया गया l
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हल्दी-केंद्रित बोर्ड के गठन की घोषणा के लगभग 21 महीने बाद इसका उद्घाटन किया गया। किसानों की ओर से हल्दी बोर्ड की मांग लंबे समय से की जा रही थी। हमने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक अरब डॉलर के निर्यात के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। जो (हल्दी) बोर्ड बनेगा, वह यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेगा कि हल्दी का उच्चतम मूल्य किसानों तक पहुंचे। शाह ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में हल्दी बोर्ड स्थापित करने का वादा किया था और बाद में इस संबंध में आदेश जारी किए गए। इससे पूर्व केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी व अन्य नेताओं ने हैदराबाद के बेगमपेट हवाईअड्डे पर शाह की अगवानी की।
भाजपा की तेलंगाना इकाई ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हल्दी बोर्ड की स्थापना की घोषणा की थी और अब उन्होंने किसानों से किए गए वादे के अनुसार यह सपना पूरा किया है। पीएम मोदी ने हल्दी की फसल की गुणवत्ता सुधारने, शोध करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। निजामाबाद में हल्दी किसानों की एक प्रमुख मांग हल्दी बोर्ड की स्थापना रही है और यह एक प्रमुख चुनावी मुद्दा भी था।
निजामाबाद से भाजपा के लोकसभा सदस्य डी अरविंद, जिन्होंने हल्दी बोर्ड स्थापित करने का वादा किया था, ने 2019 के लोकसभा चुनावों में बीआरएस एमएलसी और तत्कालीन सीएम के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता को हराया था। वे 2024 में फिर से चुने गए।
भारत दुनिया में हल्दी का सबसे बड़ा निर्यातक
भारत दुनिया में हल्दी का सबसे बड़ा उत्पादक, उपभोक्ता और निर्यातक है। भारत का विश्व व्यापार में 62 फीसदी से अधिक हिस्सा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2023-24 के दौरान 1.62 लाख टन हल्दी और हल्दी उत्पादों का निर्यात किया गया, जिसकी कीमत 22.65 करोड़ अमेरिकी डॉलर थी। भारत में हल्दी की 30 से ज़्यादा किस्में उगाई जाती हैं और इसे देश के 20 से ज़्यादा राज्यों में उगाया जाता है। हल्दी के सबसे बड़े उत्पादक राज्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु हैं
यह भी पढेंः- पँजाब की लीची दुबई निर्यात, कतर के दोहा पहुंची पहली खेप
