211 रुपये किलो का मिला रेट, यूपी के दशहरी आम दुबई निर्यात, 

UPs Dussehri mango exported to Dubai got a rate of Rs 211 per kg

हलधर किसान उत्तर प्रदेश l उत्तर प्रदेश के दशहरी आमों की मिठास अब सीधे दुबई के बाजारों में पहुंचेगी। पहली बार लखनऊ से दशहरी आमों का निर्यात सीधे दुबई के लिए किया गया है। यूपी के उद्यान एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने रविवार को रहमानखेड़ा स्थित मैंगो पैक हाउस से 1200 किलोग्राम आम की खेप को हरी झंडी दिखाकर दुबई के लिए रवाना किया।

इस मौके पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि हम रहमान खेड़ा स्थित मैंगो पैक हाउस के माध्यम से सीधे दुनिया के बाजारों तक अपने राज्य का आम पहुंचाने में सफल हो रहे हैं। हमारे वैज्ञानिकों ने आम की सेल्फ लाइफ बढ़ाने में भी सफलता प्राप्त की है। कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ने से किसानों को भी लाभ होगा। 

अब तक ये आम अन्य राज्यों या बड़े व्यापारिक केंद्रों के जरिए विदेश भेजे जाते थे। लेकिन इस बार लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के दशहरी आमों को विशेष गुणवत्ता जांच और पैकेजिंग के बाद हवाई मार्ग से सीधे दुबई के लिए रवाना किया गया। भेजे गए कन्साइनमेंट का कुल मूल्य 2,992 अमेरिकी डॉलर है। इसी मूल्य का एक अन्य 1200 किलोग्राम का कन्साइनमेंट शनिवार को भी दुबई भेजा गया था। निर्यात किए गए दशहरी आम का मूल्य लगभग 211 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रहा है, जो कि स्थानीय बाजार मूल्य से कई गुना अधिक है।

इंडो-जर्मन एएमडी प्रोजेक्ट के अंतर्गत लखनऊ क्षेत्र से चयनित तीन एफपीओ को कृषि निर्यात का प्रशिक्षण देकर उनकी क्षमता का विकास किया गया। इनमें से दो एफपीओ – इरादा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और मलिहाबाद फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को दुबई से दशहरी आम का सीधा ऑर्डर मिला है। दोनों एफपीओ इस वर्ष पहली बार खुद दुबई को आम निर्यात कर रहे हैं।

मलिहाबाद के एक आम उत्पादक किसान रईस अहमद ने कहा, “हमारे लिए गर्व की बात है कि अब हमारे बागों से आम सीधे विदेश जा रहे हैं। इससे हमारी आमदनी बढ़ेगी और नए बाजार मिलेंगे।” इस तरह के प्रत्यक्ष निर्यात से बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। 

देश भर से कृषि उत्पादों के सीधे निर्यात में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की अहम भूमिका रही है। एपीडा देश भर में किसानों और निर्यातकों को प्रशिक्षण, परीक्षण और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निर्यात में मदद कर रहा है। दुबई के बाद अन्य खाड़ी देशों, यूरोप और एशिया के बाजारों तक भी यूपी के आमों के निर्यात की योजना है। इसके लिए एयर कार्गो सुविधाओं, कोल्ड चेन लॉजिस्टिक्स और निर्यात ढांचे को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश देश का प्रमुख आम उत्पादक राज्य है और मलिहाबाद क्षेत्र दशहरी आम के लिए प्रसिद्ध है। इस पहल के बाद राज्य से अन्य किस्मों के आमों जैसे लंगड़ा और चौसा के भी सीधे निर्यात की योजना बनाई जा रही है।

यह भी पढेंः- इंग्लैंड और दुबई को एक ही दिन में पहुंची ओडिशा के तीन आमों की खेप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *