हलधर किसान । जिले में एक बार फिर मौसम बेगाना हुआ है। बुधवार दिनभर आसमान में बादलो की लुकाछिपी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। बारिश होने की आशंका के चलते खेतों में काटी जा रही या कटी पड़ी गेहूं, चने की फसल को सुरक्षित करने में किसान जुट गए। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 5 दिन के अंदर बारिश के दो सिस्टम बन रहे हैं।
होली के बाद से अधिकतर खेतों में गेहूं फसल की कटाई का दौर चल रहा है। जिन किसानों की फसल कट चुकी है उन्होंने या तो फसल भंडारित कर ली है या फिर मंडियों में विक्रय कर रहे हैं। वहीं देरी से बुआई के कारण कई किसानों की फसल अभी खेतों में खड़ी है। हालांकि इस दौरान आसमान में बादल छाने से किसान जरूर चिंतित है क्योंकि बेमौसम बारिश हो जाए तो समस्या हो सकती है। बुधवार को दिनभर धुप. छांव का खेल चलता रहा। हालांकि तापमान सामान्य रहा। दोपहर को गर्मी का अहसास भी हुआ। अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 17.2डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि 4 मार्च को भी मौसम में बदलाव देखा गया था और 4-5 मार्च की दरमियानी रात गरज के साथ हुई बारिश से जिले के कई इलाको में फसलें खराब होने की शिकायतें सामने आई थी।
बादलो की लुकाछिपी ने बढ़ाई किसानों की चिंता, फसल कटाई में जुटे किसान
