Headlines

झांसी में जिलास्तरीय एग्रो इनपुट डीलर्स सम्मेलन सम्पन्न, व्यापारियों की एकजुटता पर दिया जोर

District level agro input dealers conference concludes in Jhansi

संजय रघुवंशी ने कहा- सरकार की चुनौतियों से मुकाबले के लिए संगठन की मजबूती और एकजुटता जरूरी

झांसी। एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन झांसी के तत्वावधान में जिलास्तरीय सम्मेलन, शपथ ग्रहण समारोह एवं सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कृषि आदान विक्रेताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में व्यापारियों के संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा कृषि आदान व्यापार से जुड़े नियम-कानूनों को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में करीब 200 डीलरों की उपस्थिति रही।

07fa5ced 36e7 4743 a8fe 3fdae4bb9ac0

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एग्रो इनपुट डीलर्स संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री संजय रघुवंशी, प्रदेश अध्यक्ष श्री अतुल त्रिपाठी एवं जिला कृषि अधिकारी श्री कुलदीप मिश्रा रहे। मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सम्मेलन में कृषि आदान व्यापारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

व्यापारियों को नियम-कानूनों की दी जानकारी

राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री संजय रघुवंशी ने अपने संबोधन में कृषि आदान विक्रेताओं को उनके व्यापार से संबंधित नियमों और कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में बीज, कीटनाशक एवं अन्य कृषि आदानों का व्यापार करने वाले कारोबारियों के सामने लगातार नए नियम और प्रक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में व्यापारियों के लिए अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बीज एवं कीटनाशक दवाओं से संबंधित नए कानून और प्रावधान लाने की तैयारी की जा रही है, जिससे व्यापारियों के सामने नई चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों में ऑल इंडिया संगठन एवं प्रदेश संगठन व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों पर हर स्तर पर अपनी बात रखने और आवश्यक कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।

7e1d9db8 0631 4a28 9ab6 239c54bfa735

श्री रघुवंशी ने व्यापारियों से संगठन की सदस्यता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही सामूहिक रूप से व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से संबंधित मंचों तक पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि न्यायालय से मिलने वाले स्थगन आदेश या अन्य कानूनी राहत का लाभ संगठन के माध्यम से उठाने के लिए व्यापारियों का संगठित रहना महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी डीलरों से सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के कार्यों की जानकारी दी

प्रदेश अध्यक्ष श्री अतुल त्रिपाठी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए एसोसिएशन की गतिविधियों एवं व्यापारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन के उद्देश्य, व्यापारियों की समस्याओं को उठाने तथा विभिन्न विभागों एवं शासन स्तर पर कृषि आदान विक्रेताओं की बात रखने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि कृषि आदान विक्रेता खेती की पूरी व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसान को समय पर बीज, उर्वरक, कीटनाशक एवं अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराने में डीलरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए व्यापारियों से जुड़े नियम बनाते समय जमीनी परिस्थितियों और व्यावहारिक कठिनाइयों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

जिला कृषि अधिकारी ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी

जिला कृषि अधिकारी श्री कुलदीप मिश्रा ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कृषि विभाग की योजनाओं एवं शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी व्यापारियों के साथ साझा की। उन्होंने कृषि आदान व्यापारियों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप व्यापार संचालित करने के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि कृषि आदान की गुणवत्ता एवं किसानों को सही सामग्री उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। व्यापारियों को विभागीय नियमों, प्रक्रियाओं और आवश्यक दस्तावेजों का पालन करते हुए अपना कारोबार संचालित करना चाहिए।

बाहर से आए पदाधिकारियों ने भी किया संबोधित

सम्मेलन में अन्य जिलों से पहुंचे कृषि आदान विक्रेता संगठनों के पदाधिकारियों ने भी व्यापारियों को संबोधित किया। अलीगढ़ के अध्यक्ष श्री चेतन राणा, मथुरा के अध्यक्ष श्री राजकुमार राजू एवं महोबा के अध्यक्ष श्री घनश्याम रायकवार ने संगठन की भूमिका और व्यापारियों की एकजुटता के महत्व पर अपने विचार रखे।

इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई गई। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के हित में कार्य करने तथा व्यापारियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का संकल्प लिया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम में अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, महामंत्री बृजेंद्र कुशवाहा, कोषाध्यक्ष सुनील बंसल एवं मुख्य सचिव मृदुल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसके अलावा विवेक अग्रवाल, देवेश पुरोहित, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहीश राईन, संरक्षक नरेश कबड्डी, संजीव घुंघुबा, बालकिशन कुशवाहा एवं जमाल भाई सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं बाहर से पहुंचे विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्षों का जिला संगठन की ओर से स्मृति चिन्ह एवं शाल भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मेलन में करीब 200 कृषि आदान डीलरों की उपस्थिति ने संगठन की गतिविधियों और सदस्यता अभियान के प्रति व्यापारियों की भागीदारी को दर्शाया।

संगठन की एकजुटता का दिया संदेश

सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने कृषि आदान व्यापारियों से आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि बदलते नियमों और व्यापार से जुड़ी चुनौतियों के बीच व्यापारियों को अपने संगठन के साथ मजबूती से जुड़े रहने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन प्रभात तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष उरई ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रीय एवं मध्यप्रदेश संगठन ने दी बधाई

झांसी में जिलास्तरीय एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन सम्मेलन, शपथ ग्रहण एवं सदस्यता अभियान कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर राष्ट्रीय एवं मध्यप्रदेश संगठन की ओर से भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन कलंत्री, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मान सिंह राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे तथा लीगल एडवाइजर श्री राजेश मलैया ने झांसी में आयोजित कार्यक्रम की सफलता पर जिला संगठन एवं सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। संगठन की ओर से उम्मीद जताई गई कि सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक कृषि आदान विक्रेता संगठन से जुड़ेंगे और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को सामूहिक रूप से मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

यह भी पढेंः- नकली और घटिया बीजों पर कसेगा शिकंजा, नए ‘सीड एक्ट’ पर किसान संगठनों से सीधा संवाद करेंगे शिवराज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *