Headlines

मथुरा में एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन का मंडल स्तरीय सम्मेलन संपन्न, व्यापारियों की एकजुटता पर दिया जोर

हमसे जुड़ेंलिंक कॉपी हुआ ✓

मनमोहन कलंत्री बोले– खाद, बीज और कीटनाशक के सैंपल फेल होने पर निर्माता कंपनियों की तय हो जवाबदेही, व्यापारियों के हितों की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे

हलधर किसान मथुरा। एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन के अलीगढ़-आगरा मंडल द्वारा मथुरा में मंडल स्तरीय व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देशभर के कृषि आदान व्यापारियों के हितों, व्यापार से जुड़े कानूनों, आगामी चुनौतियों और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन कलंत्री तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश प्रभारी श्री संजय रघुवंशी और उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री अतुल त्रिपाठी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में कृषि आदान व्यापार के सामने कई चुनौतियां खड़ी होने वाली हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए देशभर के खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना होगा।

उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया संगठन इस दिशा में प्रयासरत है कि खाद, बीज और कीटनाशक बनाने वाली कंपनियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। यदि केंद्र या राज्य सरकार से उत्पादन एवं विक्रय की अनुमति प्राप्त किसी कंपनी के उत्पाद का सैंपल फेल होता है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी निर्माता या उत्पादक कंपनी की होनी चाहिए, न कि उस उत्पाद को बेचने वाले रिटेलर व्यापारी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मांग को लेकर संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। आवश्यकता पड़ने पर व्यापारियों के हितों की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक भी लड़ी जाएगी।

कलंत्री ने कहा कि व्यापारियों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एक मंच पर आना होगा। संगठन जितना मजबूत होगा, सरकार तक व्यापारियों की आवाज उतनी ही प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।

नए कानूनों को लेकर व्यापारियों को किया आगाह

प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री संजय रघुवंशी ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कृषि आदान व्यवसाय से जुड़े नियमों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही बीज एवं कीटनाशक दवाओं के लिए नए कानून बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिससे व्यापार करना और अधिक जटिल हो सकता है।

उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया संगठन और प्रदेश संगठन व्यापारी हितों की रक्षा के लिए हर प्रकार की कानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। लेकिन इसके लिए व्यापारियों को सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना होगा। संगठन की मजबूती ही न्यायालय से मिलने वाले स्थगन आदेशों और अन्य कानूनी राहतों का लाभ उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाईं संगठन की उपलब्धियां

उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री अतुल त्रिपाठी ने एसोसिएशन की संगठनात्मक गतिविधियों और व्यापारी हितों में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों से संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने और एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अलीगढ़ जिलाध्यक्ष श्री चेतन राना तथा मथुरा जिलाध्यक्ष श्री राजकुमार राजू ने भी अपने विचार रखे।

सम्मेलन में एटा के जिलाध्यक्ष श्री पीयूष गुप्ता, हाथरस के जिलाध्यक्ष श्री गौतम गंभीर, महामंत्री श्री मनोज शर्मा सहित उनकी जिला कार्यकारिणी, अलीगढ़ के संरक्षक श्री राम प्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष श्री खत्री, उपाध्यक्ष श्री विष्णु अत्री, संगठन मंत्री श्री मनोज सारस्वत, श्री बृजेश चौधरी सहित विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सभी मुख्य अतिथियों और बाहर से आए जिला अध्यक्षों का राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मेलन में लगभग 250 कृषि आदान विक्रेताओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष श्री चेतन राना ने किया। अंत में श्री विनोद भंसाली एवं श्री विजय रावत ने सभी अतिथियों और उपस्थित व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने दी बधाई

मथुरा में सम्मेलन की सफलता पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मान सिंह राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे, लीगल एडवाइजर श्री राजेश मलैया तथा बैतूल के श्री प्रकाश जैन सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन कलंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश प्रभारी श्री संजय रघुवंशी, प्रदेश अध्यक्ष श्री अतुल त्रिपाठी और अलीगढ़-आगरा मंडल के समस्त पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

सम्मेलन का प्रमुख संदेश स्पष्ट रहा कि बदलते नियमों और बढ़ती कानूनी चुनौतियों के बीच कृषि आदान व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की एकजुटता और सदस्यता विस्तार सबसे बड़ी ताकत है।

यह भी पढे़:- बीज कानून पाठशाला – 42 “साथी पॉर्टल- बीज गुणवत्ता में सुधार का भ्रम”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *