हलधर किसान। लोकायुक्त पुलिस ने बड़वानी के कृषि विभाग में चल रहे रिश्वतखोरी के खेल को उजागर किया है। यहां अपने विभाग से सेवानिवृत्त हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से पेंशन प्रकरण तैयार करने के एवज में रिश्वत की मांग करते तृतीय श्रेणी कर्मचारी को लोकायुक्त पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने सुंदर सिंह बर्मन सहायक ग्रेड 3 को 5000 के रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। लोकायुक्त पुलिस के डीएसपी प्रवीण बघेल से मिली जानकारी अनुसार सेवानिवृत्ति ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अशोक कुमार दुबे दिनांक 30 जून 2024 को अपने पद से सेवानिवृत हुआ था।

आवेदक की सेवानिवृत्ति पर उसका पेंशन प्रकरण तैयार कर जिला पेंशन कार्यालय बड़वानी में प्रस्तुत करने के लिए आरोपी सुंदर सिंह बर्मन (सहायक ग्रेड 3) द्वारा 21000 रिश्वत की मांग की गई थी। जिसको लेकर अशोक कुमार दुबे सेवानिवृत्ति ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के द्वारा लोकायुक्त पुलिस को शिकायत की गई थी। शिकायत सही पाए जाने पर आज लोकायुक्त इंदौर की टीम द्वारा आरोपी को आवेदक से रिश्वत की प्रथम किस्त 5000 लेते हुए कार्यालय कृषि अनुभागीय अधिकारी बड़वानी में रंगे हाथ पकड़ा गया। आवेदक द्वारा दी गई रिश्वत राशि आरोपी की पेंट की जेब से बरामद की गई। फिलहाल लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यवाही की जा रही है।