रील बनाने के जुनून में दिखाई क्रूरता, राष्ट्रीय पक्षी मोर के पंख उखाड़े

WhatsApp Image 2023 05 22 at 12.41.33 PM 1

वीडियो वायरल होते ही वन विभाग ने दर्ज किया केस, तलाश जारी

हलधर किसान। देश में सोशल मीडिया के लिए वीडियो रील बनाना युवाओं में क्रेज बन गया है। इसके लिए वे किसी भी हद तक चले जा रहे हैं। एक ऐसा ही मामला मध्‍य प्रदेश में सामने आया है। एक युवक ने रील बनाने के लिए राष्‍ट्रीय पक्षी मोर के पंख तक उखाड़ दिए। उसके साथी ने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने अज्ञात पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रहा है।
मामला मध्य प्रदेश के कटनी का है। वायरल वीडियो में एक मोर के साथ युवक और युवती बैठे नजर आ रहे हैं। एक अन्य युवक भी नजदीक ही ऊंचाई पर बैठा दिख रहा है। वीडियो में युवक मोर के पंख उखाड़ रहा है। वह हंसते हुए कैमरे के सामने देख रहा है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ये युवक जिले के रीठी क्षेत्र में दिखाई दिया है। इसलिए वहां तलाश शुरू की। वहीं वीडियो में जो बाइक दिख रही है, उसका मालिक परिवहन विभाग के रजिस्ट्रेशन नंबर के अनुसार डिंडौरी निवासी जयमनीषा बिहिलया है। विभाग वाहन मालिक से भी संपर्क करने की कोशिश कर रहा है।

आरोपी युवक का पता लगाकर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग के अलावा पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है। पशु-पक्षियों पर अत्याचार रोकने के लिए भारत सरकार ने साल 1972 में भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम पारित किया था। इसका मकसद वन्य जीवों के अवैध शिकार, मांस और खाल के व्यापार पर रोक लगाना था। इसमें साल 2002 में संशोधन किया गया, जिसका नाम भारतीय वन्य जीव संरक्षण (संशोधित) अधिनियम 2002 रखा गया। इसमें दंड और जुर्माना को और भी सख्त कर दिया गया है।

डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट (डीएफओ) ऑफिसर गौरव शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले गुजरात के एक एनजीओ ने हमें ये वीडियो भेजा था। इंस्टाग्राम पर ये वीडियो युवक ने अपलोड किया था। सूचना मिलने के बाद हमने कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी को भी इसकी जानकारी दी। उसके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण कानून के तहत एक्शन लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *