हलधर किसान खरगोन। जिले में एक बार फिर राजस्व विभाग को शर्मिंदा करने वाला मामला सामने आया है। मंडलेश्वर के पटवारी हल्का नंबर 24 में पदस्थत पटवारी छतर सिंह चौहान को शुक्रवार दोपहर 2 बजे लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेंहाथों गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार की पोल खुली है। डीएसपी आनंद चौहान के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की है। लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि पटवारी छतर सिंह चौहान ने एक कृषि भूमि के नामांतरण के लिए 50 हजार की रिश्वत मांगी थी। जिसकी पहली किश्त 25 हजार शुक्रवार को पटवारी ने ली थी।
ग्राम खारिया, ग्राम पंचायत लाड़वी के निवासी बच्चू सिंह चौहान ने लोकायुक्त इंदौर को एक आवेदन देकर कृषि भूमि के नामांतरण हेतु पटवारी द्वारा रिश्वत मांगने को लेकर शिकायत की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से शुक्रवार को कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने शिकायतकर्ता को पटवारी को 25 हजार रुपए पहली किस्त के रुप में देने के लिए भेजा। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत के रुपए लिए, टीम ने उसे धरदबोचा। यह था मामला शिकायतकर्ता ने अपनी पत्नी श्रीमती रिंकी चौहान और भाभी अनिता चौहान के नाम से कृषि भूमि खरीदी थी।
इस भूमि का नामांतरण के लिए उप तहसील कार्यालय मंडलेश्वर में आवेदन दिया था। यह कृषि भूमि पटवारी हल्का नंबर 24 खारिया में होने के कारण यह काम हल्का नंबर 24 के पटवारी के पास था। सितम्बर माह में बच्चूसिंह द्वारा नामांतरण के लिए आवेदन दिया गया था, उसने आवेदन के साथ जमीन खरीदी की रजिस्ट्री भी संलग्न की थी। सारे दस्तावेज जमा करने के बाद भी नामांतरण नहीं हुआ। जब पटवारी से बात की गई, तो उसने रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद यह बड़ी कार्यवाही की गई है।
यह भी पढेंः- सांसद पारधी ने जम्बो सीताफल को GI टैग देने की मांग उठाई
