हलधर किसान।यूपी. लखीमपुर खीरी के गांव राजापुर में किसानों ने जमीन अधिग्रहण का अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। गांव के कई किसान शहर में बिलोवी हाल के पास पानी की टंकी पर चढ़ गए। किसान आवास विकास द्वारा जमीन अधिग्रहण करने से आक्रोशित हैं। उन्होंने आवास विकास परिषद पर जबरन जमीन कब्जाने का आरोप लगाया।
किसान जमीन अधिग्रहण को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि करीब दो वर्षों से जिला मुख्यालय और लखनऊ के अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। सुनवाई न होने पर गांव के 20 से अधिक किसान शुक्रवार को सुबह करीब आठ बजे टंकी पर चढ़ गए। 30 से 40 किसान टंकी के नीचे बैठे हैं। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों के हाँथ पांव फूल गए। योग कार्यक्रम को बीच में छोड़कर अफसर मौके पर पहुंच गए। वे किसानों का समझाने का प्रयास कर रहे हैं। किसानों के टंकी पर चढ़ने के एक घंटे के बाद एडीएम और एसडीएम मौके पर पहुंचे। दोनों अफसरों ने किसानों को समझने का प्रयास किया।
किसानों को पानी की टंकी से उतरकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करने को कहा गया। लेकिन किसानों का कहना है कि वे कहीं नहीं जाएंगे। किसानों को टंकी से नीचे उतारने की कोशिश नाकाम हो गई।
