Headlines

अब विदेशों में बिकेगा आदिवासी किसानों का श्रीअन्न, कोदो-कुटकी के निर्यात ने बनाया रिकॉर्ड

हमसे जुड़ेंलिंक कॉपी हुआ ✓

जनजातीय किसानों के लिए श्रीअन्न बना कमाई का नया जरिया, अमेरिका, यूएई और यूरोप के बाजारों में बढ़ी मांग; सरकार ने खरीदी का लक्ष्य बढ़ाकर किया 32,500 मीट्रिक टन

हलधर किसान | भोपाल। मध्यप्रदेश के खेतों में उगने वाला पारंपरिक श्रीअन्न (मिलेट) अब सात समंदर पार अपनी पहचान बना रहा है। कभी जनजातीय क्षेत्रों के किसानों की पारंपरिक फसल माने जाने वाले कोदो, कुटकी और सांवा की मांग अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से बढ़ रही है। अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और यूरोप के कई देशों में मध्यप्रदेश के इन पौष्टिक अनाजों की बढ़ती मांग ने प्रदेश के जनजातीय किसानों के लिए कमाई के नए रास्ते खोल दिए हैं। पिछले तीन वर्षों में मध्यप्रदेश से करीब 550 करोड़ रुपये मूल्य के कोदो, कुटकी और सांवा का निर्यात किया गया है। इससे स्पष्ट है कि पारंपरिक खेती को बाजार से जोड़कर किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार श्रीअन्न उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रणनीति पर काम कर रही है। खासतौर पर जनजातीय बहुल क्षेत्रों में किसानों को कोदो-कुटकी की खेती से जोड़ने, पारंपरिक किस्मों को संरक्षित करने और उनकी उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। वैश्विक स्तर पर मिलेट की बढ़ती लोकप्रियता मध्यप्रदेश के लिए कृषि निर्यात के नए अवसर पैदा कर रही है।

तीन वर्षों में लगातार बढ़ा श्रीअन्न का कारोबार

मध्यप्रदेश में कोदो, कुटकी और सांवा के निर्यात के आंकड़े इस क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं की तस्वीर पेश करते हैं। वर्ष 2024-25 में प्रदेश से इन तीनों फसलों का कुल निर्यात 183 करोड़ रुपये से अधिक रहा। इसमें लगभग 49.30 करोड़ रुपये की कुटकी, 126 करोड़ रुपये का कोदो और 7.48 करोड़ रुपये का सांवा शामिल था।

वर्ष 2025-26 में इन मिलेट का कुल निर्यात बढ़कर 224.32 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस दौरान 94.54 करोड़ रुपये की कुटकी, 119 करोड़ रुपये का कोदो और 10.10 करोड़ रुपये का सांवा विदेश भेजा गया। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक मंडियों से लगभग 142.55 करोड़ रुपये मूल्य की इन फसलों का निर्यात हो चुका है। इसमें 55.54 करोड़ रुपये की कुटकी, 78.86 करोड़ रुपये का कोदो और सांवा का निर्यात शामिल है।

इन आंकड़ों से साफ है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में मध्यप्रदेश के श्रीअन्न की पहचान मजबूत हो रही है। हालांकि निर्यात में सालाना उतार-चढ़ाव के बावजूद तीन वर्षों का कुल कारोबार करीब 550 करोड़ रुपये तक पहुंचना किसानों के लिए उत्साहजनक संकेत है।

16 जिलों में पहली बार शुरू हुई श्रीअन्न की खरीदी

जनजातीय किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार रानी दुर्गावती श्रीअन्न उत्पादन प्रोत्साहन योजना संचालित कर रही है। इसके तहत प्रदेश के 16 जिलों में पहली बार कोदो-कुटकी की सरकारी खरीदी की जा रही है।

इन जिलों में जबलपुर, कटनी, मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, बालाघाट, सिवनी, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं। योजना के अंतर्गत किसानों को कोदो-कुटकी की खरीदी पर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

अब तक 15 हजार से अधिक किसान योजना के लिए पंजीयन करा चुके हैं। इनके लगभग 21 हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को योजना में शामिल किया गया है। सरकार ने किसानों को राहत देते हुए कुटकी का खरीदी मूल्य 3,500 रुपये से बढ़ाकर 3,600 रुपये प्रति क्विंटल और कोदो का मूल्य 2,500 रुपये से बढ़ाकर 2,600 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है।

इस वर्ष सरकार ने 32,500 मीट्रिक टन श्रीअन्न की खरीदी की तैयारी की है, जबकि पिछले वर्ष केवल 3,000 मीट्रिक टन खरीदी हुई थी। खरीदी के लक्ष्य में यह बड़ी बढ़ोतरी बताती है कि सरकार अब मिलेट उत्पादन को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

डिंडोरी, मंडला और उमरिया बने कोदो-कुटकी उत्पादन के प्रमुख केंद्र

मध्यप्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में कोदो-कुटकी की खेती लंबे समय से होती रही है। विशेष रूप से मंडला, जबलपुर, डिंडोरी, बालाघाट, कटनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी में इन फसलों का उत्पादन किया जाता है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार डिंडोरी में लगभग 19 हजार हेक्टेयर, उमरिया में 12,700 हेक्टेयर, मंडला में 12 हजार हेक्टेयर, शहडोल में 10 हजार हेक्टेयर, जबलपुर में 7,500 हेक्टेयर और कटनी में 6,500 हेक्टेयर क्षेत्र में कोदो-कुटकी की खेती हो रही है।

इन क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियां और पारंपरिक कृषि पद्धतियां मिलेट उत्पादन के लिए अनुकूल हैं। कम उपजाऊ और पहाड़ी जमीन पर भी इन फसलों की खेती संभव होने के कारण छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह महत्वपूर्ण विकल्प बन रही है।

सिताही और नागदमन कुटकी को मिला जीआई टैग

मध्यप्रदेश की पारंपरिक मिलेट किस्मों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। प्रदेश की सिताही कुटकी और नागदमन कुटकी को भौगोलिक संकेतक यानी जीआई टैग प्राप्त है।

सिताही कुटकी लिटिल मिलेट की देशी किस्म है, जो लगभग 60 दिनों में तैयार हो जाती है। इसकी खासियत यह है कि यह कम नमी, सूखे और वर्षा आधारित परिस्थितियों में भी अच्छी तरह विकसित हो सकती है। इसमें शूट फ्लाई जैसे प्रमुख कीटों और ग्रेन स्मट तथा ब्राउन स्पॉट जैसी बीमारियों से मुकाबला करने की क्षमता है।

मध्यम ऊंचाई और मोटे तने के कारण फसल के गिरने की समस्या भी अपेक्षाकृत कम रहती है। इसे पहाड़ी, ऊबड़-खाबड़ और कमजोर मिट्टी वाले क्षेत्रों में भी उगाया जा सकता है। डिंडोरी जिले में सिताही कुटकी की खेती का रकबा बढ़कर 10,395 हेक्टेयर हो गया है। यहां इसकी औसत पैदावार 10 से 11 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है।

इस किस्म से डिंडोरी, मंडला, अनूपपुर, छिंदवाड़ा, शहडोल, उमरिया, बालाघाट और जबलपुर के लगभग 60 हजार आदिवासी किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। डिंडोरी के 54 पहाड़ी और दुर्गम गांवों के किसानों के लिए भी यह फसल आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बन रही है।

वहीं नागदमन कुटकी डिंडोरी जिले की विशिष्ट स्थानीय किस्म है, जो अपने पोषण और औषधीय गुणों के लिए जानी जाती है। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर सिताही कुटकी को राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांड के रूप में स्थापित करने की तैयारी कर रहा है। इससे किसानों को अपनी उपज की बेहतर पहचान और बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है।

मिलेट की खेती से महिलाओं को मिल रहा रोजगार

श्रीअन्न उत्पादन का लाभ केवल किसानों की आमदनी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और बच्चों के पोषण को भी मजबूती मिल रही है।

डिंडोरी जिले के समनापुर विकासखंड में 32 गांवों की 1,250 महिला किसान कोदो-कुटकी की खेती कर रही हैं। प्रत्येक महिला किसान के पास औसतन ढाई एकड़ कृषि भूमि है। पिछले दो वर्षों में इस क्षेत्र में मिलेट उत्पादन में वृद्धि दर्ज की गई है। इससे ग्रामीण महिलाओं को खेती के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिल रहा है।

वहीं, सहरिया जनजाति बहुल श्योपुर जिले में बच्चों में कुपोषण की समस्या को दूर करने के लिए मिलेट आधारित व्यंजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और एकीकृत बाल विकास योजना के कर्मचारियों को मिलेट से पौष्टिक व्यंजन बनाने तथा उनके पोषण संबंधी लाभों की जानकारी दी गई है। जिले में लगभग 130 एकड़ क्षेत्र में कोदो-कुटकी की खेती हो रही है, जिसमें करीब 200 किसान जुड़े हैं। इस पहल से लगभग 2,000 बच्चों के पोषण स्तर में सुधार होने की जानकारी दी गई है।

पोषण और निर्यात दोनों में श्रीअन्न की बढ़ती भूमिका

श्रीअन्न की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण इसकी पौष्टिकता है। कोदो, कुटकी और सांवा में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन-बी, कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि देश और विदेश में मिलेट आधारित खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ रही है।

मध्यप्रदेश के लिए यह केवल निर्यात बढ़ाने का अवसर नहीं, बल्कि जनजातीय क्षेत्रों की पारंपरिक खेती को नई पहचान देने का भी माध्यम है। यदि किसानों को समय पर खरीदी, उचित मूल्य, बेहतर प्रसंस्करण सुविधाएं और निर्यात बाजार से सीधा जुड़ाव मिलता है, तो कोदो-कुटकी आने वाले वर्षों में प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे सकते हैं।

यह भी पढेंः- पर्पल आलू की खेती से किसानों की होगी बंपर कमाई, 90-100 दिन में तैयार होगी फसल; एक हेक्टेयर में 35 टन तक पैदावार!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *