Headlines

बीज कानून पाठशाला – 43 “प्रमाणित बीज की सैम्पलिंग – क्यो ?”

हमसे जुड़ेंलिंक कॉपी हुआ ✓

आर.बी. सिंह के लेख में कानून, न्यायालयों के फैसलों और पंजाब बीज प्रमाणीकरण संस्था के दिशा-निर्देशों का हवाला; मध्यप्रदेश के कृषि आदान विक्रेता संघ ने केंद्रीय कृषि मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की

हलधर किसान | कृषि समाचार देश में प्रमाणित बीजों की गुणवत्ता जांच और सैंपलिंग को लेकर कृषि आदान व्यापारियों के बीच एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा हो गया है। जब बीज प्रमाणीकरण संस्थाएं सरकार द्वारा बनाए गए कानूनों और निर्धारित नियमों के तहत बीजों का परीक्षण कर उन्हें प्रमाणित करती हैं, तो इसके बाद कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा उन्हीं प्रमाणित बीजों की दोबारा सैंपलिंग किए जाने की आवश्यकता और औचित्य क्या है? क्या इस प्रक्रिया से सरकारी बीज प्रमाणीकरण संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं? इसी विषय को लेकर देश के कृषि आदान व्यापारियों के संगठन ऑल इंडिया एग्री इनपुट्स डीलर्स एसोसिएशन (AIDA), नई दिल्ली के मार्गदर्शक एवं बीज कानून विशेषज्ञ श्री आर.बी. सिंह ने अपने लेख में महत्वपूर्ण कानूनी और व्यावहारिक पहलुओं को सामने रखा है।

उनके लेख में प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग के संबंध में बीज अधिनियम 1966, बीज नियम 1968, विभिन्न उच्च न्यायालयों के निर्णयों और पंजाब राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का उल्लेख किया गया है। इस विषय पर मध्यप्रदेश के कृषि आदान विक्रेता संघ के उपाध्यक्ष एवं बीज व्यवसायी श्री कृष्णा दुबे ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

बीज प्रमाणीकरण की कानूनी व्यवस्था क्या कहती है?

आर.बी. सिंह ने अपने लेख में बताया है कि देश में बीजों का प्रमाणीकरण, उत्पादन और बिक्री बीज अधिनियम 1966 के अंतर्गत नियंत्रित होते हैं। इस अधिनियम की धारा 8 के तहत राज्य सरकार को अधिसूचना जारी करके राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था स्थापित करने का अधिकार दिया गया है।

लेख के अनुसार, देश में कुल 25 राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्थाएं हैं। इनमें 8 संस्थाएं शासकीय प्रशासन के अधीन और 17 स्वतंत्र एवं स्वपोषित संस्थाओं के रूप में कार्यरत हैं। इन संस्थाओं का प्रमुख कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीजों का प्रमाणीकरण करना और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

बीज प्रमाणीकरण की प्रक्रिया केवल बीज के तैयार हो जाने के बाद नहीं होती, बल्कि इसकी शुरुआत बीज की बुवाई के समय से ही हो जाती है। बीज नियम 1968 के नियम 6 में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार विभिन्न चरणों में निरीक्षण और आवश्यक परीक्षण किए जाते हैं। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीज अधिनियम 1966 की धारा 9(3) के तहत बीज उत्पादक को प्रमाणपत्र जारी किया जाता है।

आर.बी. सिंह के अनुसार, प्रमाणित बीज का प्रमाणपत्र जारी होने के बाद बीज की गुणवत्ता संबंधी जिम्मेदारी प्रमाणीकरण संस्था पर स्थानांतरित हो जाती है। प्रमाणित बीज की सामान्य जीवन अवधि यानी शेल्फ लाइफ 9 महीने बताई गई है। ऐसे में इस अवधि के दौरान गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने के विषय पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं।

उच्च न्यायालयों के फैसलों का दिया हवाला

अपने लेख में आर.बी. सिंह ने प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग से जुड़े न्यायालयीन मामलों का उल्लेख किया है।

1. बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ का निर्णय

हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड बनाम भास्कर ताना जी बडकल मामले में 7 नवंबर 1989 को दिए गए निर्णय का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि प्रमाणित बीज के लॉट की गुणवत्ता के संबंध में जारी प्रमाणपत्र को बीज अधिनियम की धारा 9(3) के अंतर्गत 9 महीने की अवधि के लिए सुरक्षा कवच के रूप में देखा गया। लेख में इस निर्णय के आधार पर प्रमाणित लॉट की गुणवत्ता और प्रमाणपत्र की वैधानिक स्थिति का पक्ष रखा गया है।

2. बीज की गुणवत्ता के लिए जिम्मेदारी

लेख में स्पष्ट किया गया है कि बीज प्रमाणीकरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी होने के बाद प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। इसके बाद प्रमाणित बीज की गुणवत्ता को लेकर प्रमाणीकरण संस्था की जिम्मेदारी का प्रश्न महत्वपूर्ण हो जाता है।

3. कर्नाटक हाईकोर्ट का निर्णय

एस.ए. जय नारायण बनाम कर्नाटक राज्य के मामले में 30 मई 2003 को दिए गए निर्णय का हवाला देते हुए बताया गया है कि पूर्व के न्यायालयीन मामले के तथ्यों के आधार पर प्रस्तुत वाद को अनुचित माना गया था।

4. वर्ष 2014 का न्यायालयीन मामला

कर्नाटक हाईकोर्ट के सी.पी. 2038/2014 के निर्णय का भी उल्लेख किया गया है। इसमें न्यायालय ने प्रमाणपत्र की वैधता और सैंपल लेने की प्रक्रिया से जुड़े पहलुओं पर विचार करते हुए सैंपल लेने की प्रक्रिया को त्रुटिपूर्ण माना। लेख में इस निर्णय को प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया गया है।

पंजाब में QR कोड से मिलेगी बीजों की पूरी जानकारी

आर.बी. सिंह ने अपने लेख में पंजाब राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था (PSSCA), मोहाली द्वारा 20 मई 2025 को जारी पत्र क्रमांक 916-38 का भी उल्लेख किया है।

इस पत्र के अनुसार, पंजाब में 17 अक्टूबर 2023 से साथी पोर्टल लागू किया गया है। इसके तहत प्रमाणित बीजों की जानकारी QR कोड के माध्यम से उपलब्ध कराई जा सकती है। QR कोड स्कैन करने पर बीज के निरीक्षण, प्रोसेसिंग, प्रयोगशाला और परीक्षण परिणामों से संबंधित जानकारी तुरंत प्राप्त की जा सकती है।

लेख में पंजाब की बीज प्रमाणीकरण संस्था के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया है कि प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग उनकी 9 महीने की प्रमाणपत्र अवधि के भीतर की जानी चाहिए। साथ ही, बिना प्रमाणित यानी ट्रुथफुली लेबल्ड (TL) बीजों की जांच पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई है।

लेख के अंत में आर.बी. सिंह ने प्रमाणित बीजों की 9 महीने की शेल्फ लाइफ के दौरान दोबारा सैंपलिंग की प्रक्रिया को लेकर अपना पक्ष रखा है और इस विषय में एकरूपता तथा स्पष्ट दिशा-निर्देशों की आवश्यकता पर जोर दिया है।

प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग पर कृषि आदान विक्रेता संघ ने जताई आपत्ति

इस पूरे विषय पर मध्यप्रदेश के कृषि आदान विक्रेता संघ, भोपाल के उपाध्यक्ष एवं बीज व्यवसायी श्री कृष्णा दुबे ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि देश के एकमात्र रजिस्टर्ड कृषि आदान व्यापारियों के संगठन ऑल इंडिया एग्री इनपुट्स डीलर्स एसोसिएशन, नई दिल्ली के मार्गदर्शक आदरणीय श्री आर.बी. सिंह ने प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग को लेकर जो महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं, वे गंभीरता से विचार करने योग्य हैं।

दुबे ने कहा कि जब बीज प्रमाणीकरण संस्थाएं शासन और मंत्रालय द्वारा निर्धारित अधिनियम एवं नियमों के अनुसार कार्य करती हैं, तब उनके द्वारा प्रमाणित किए गए बीजों की कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा दोबारा सैंपलिंग किए जाने का औचित्य समझ से परे है। क्या इसे यह माना जाए कि कृषि विभाग के अधिकारी स्वयं शासन द्वारा निर्धारित बीज प्रमाणीकरण संस्थाओं की प्रमाणिकता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं? क्या इसका अर्थ यह है कि प्रमाणीकरण संस्थाओं द्वारा जारी किए गए प्रमाणपत्रों पर भरोसा नहीं किया जा रहा है?

उन्होंने कहा कि बीज प्रमाणीकरण संस्थाओं में भी कृषि विभाग के अनुभवी और योग्य अधिकारी कार्य करते हैं। ये संस्थाएं बीज की किस्म, लॉट और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरी प्रक्रिया का पालन करने के बाद ही प्रमाणपत्र जारी करती हैं। ऐसे में प्रमाणित बीजों की बार-बार सैंपलिंग करना उचित और न्यायसंगत नहीं है।

दुबे के अनुसार, इस प्रकार की कार्रवाई से बीज उत्पादकों और विक्रेताओं पर अनावश्यक संदेह पैदा होता है। कई बार प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग के बाद उत्पादक अथवा विक्रेता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे व्यवसायिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है।

उन्होंने केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय से मांग की कि प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग को लेकर स्पष्ट और एकसमान राष्ट्रीय दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि बीज प्रमाणीकरण संस्थाओं और कृषि विभाग के बीच जिम्मेदारियों को लेकर भ्रम की स्थिति समाप्त हो।

केंद्रीय कृषि मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग

श्री कृष्णा दुबे ने बताया कि इस विषय को लेकर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मान सिंह राजपूत, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश सचिव श्री संजय रघुवंशी, लीगल एडवाइजर श्री राजेश मलैया तथा बैतूल के श्री प्रकाश जैन सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी केंद्रीय कृषि मंत्रालय से उचित कदम उठाने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि बीज की गुणवत्ता किसानों के हितों से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए गुणवत्ता नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, लेकिन इसके साथ ही प्रमाणित बीजों की सैंपलिंग को लेकर नियमों में स्पष्टता भी जरूरी है। बीज उत्पादकों और विक्रेताओं को बिना उचित कारण परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

सेवानिवृत्त आर.बी. सिंह 1 300x169 1

”बीज निरीक्षक की अधिनायक वादी प्रवृति“ आर.बी. सिंह, बीज कानून रत्न, एरिया मैनेजर (सेवानिवृत) नेशनल सीड्स
कारपोरेशन लि॰ (भारत सरकार का संस्थान) सम्प्रति – ”कला निकेतन“, ई-70, विथिका-11, जवाहर नगर, हिसार-125001 (हरियाणा), दूरभाष सम्पर्क-79883-04770, 94667-46625

यह भी पढे़:- बीज कानून पाठशाला – 42 “साथी पॉर्टल- बीज गुणवत्ता में सुधार का भ्रम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *