कृषि आदान व्यापारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
उज्जैन। ऑल इंडिया एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन (नई दिल्ली) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन कलंत्री के उज्जैन आगमन पर मध्य प्रदेश के कृषि आदान व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर में आयोजित स्वागत समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कृषि आदान व्यापारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने एकत्र होकर संगठन की एकजुटता का परिचय दिया तथा कृषि आदान व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों के हितों की रक्षा और संगठन को अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री चिंतामन गणेश के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश एवं देश के किसानों की समृद्धि, कृषि क्षेत्र की उन्नति तथा कृषि आदान व्यापारियों के व्यवसाय में निरंतर प्रगति की कामना की। इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन कलंत्री का पुष्पमालाओं एवं साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के मध्य प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष श्री मान सिंह राजपूत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन लगातार कृषि आदान व्यापारियों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उनकी आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलों के पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन कलंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि आदान व्यापारी देश की कृषि व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। किसानों तक गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में कृषि आदान व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ व्यापारियों को नई तकनीकों, डिजिटल सेवाओं तथा कृषि संबंधी नवीन नियमों की जानकारी रखना आवश्यक है। संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं का समाधान कराना तथा सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कृषि आदान व्यवसाय को अधिक सुदृढ़ बनाना है।
उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन पूरे देश में कृषि आदान व्यापारियों को संगठित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मध्य प्रदेश इकाई द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और प्रदेश के सभी जिलों में संगठन का विस्तार तेजी से हो रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें इंदौर जिला अध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे, रतलाम कृषि आदान विक्रेता संघ के अध्यक्ष श्री मनोज बोराणा, शाजापुर जिला अध्यक्ष श्री परमानंद पाटीदार, सागर जिला अध्यक्ष श्री राजेश मलैया, रायसेन जिला अध्यक्ष श्री प्रणित समयया, उज्जैन जिला अध्यक्ष श्री लेखराज खत्री, इंदौर जिला सचिव श्री जितेंद्र जैन, बेरछा मंडी संगठन प्रचार मंत्री श्री सुनील नाहर, श्री भरत खत्री, भोपाल जिला अध्यक्ष श्री संजय पाल, भोपाल जिला सचिव श्री हेमंत चौहान तथा आगर संभागीय अध्यक्ष श्री मोहन आर्य सहित अनेक जिलों के पदाधिकारी एवं कृषि आदान व्यापारी मौजूद रहे।

उपस्थित पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष कृषि आदान व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा की। बैठक में व्यापारियों के हितों की सुरक्षा, संगठन की सदस्यता बढ़ाने, कृषि आदान व्यवसाय में आ रही चुनौतियों, किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने तथा सरकार के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सभी ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि संगठित प्रयासों से ही व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।
कार्यक्रम के दौरान सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि किसानों और कृषि आदान व्यापारियों के बीच विश्वास का मजबूत संबंध बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराकर किसानों की उत्पादकता बढ़ाने में भी व्यापारियों की अहम भूमिका रहेगी।
स्वागत समारोह के अंत में सभी पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन कलंत्री के साथ समूह फोटो खिंचवाया तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में ऑल इंडिया एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन मध्य प्रदेश में और अधिक सशक्त होकर कृषि आदान व्यापारियों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाती रहेगी।
यह भी पढेंः- मौसम को समझकर करें कृषि आदानों का प्रयोग, गुणवत्तापूर्ण उत्पाद ही खरीदें और बेचे: श्री कृष्णा दुबे
