विक्रेता बंधुओं को ई-टोकन प्रणाली की दी गई विस्तृत जानकारी, समस्याओं को लेकर कृषि आदान विक्रेता संघ ने रखे सुझाव
हलधर किसान इंदौर। कृषि क्षेत्र में उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लागू की जा रही फर्टिलाइजर ई-टोकन प्रणाली को लेकर रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को इंदौर के विजय नगर क्षेत्र स्थित बेस्ट वेस्टर्न होटल में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपसंचालक कृषि एवं किसान कल्याण, इंदौर कार्यालय की ओर से किया गया। इसमें कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ इंदौर जिले के बड़ी संख्या में कृषि आदान विक्रेता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में इंदौर जिले के उपसंचालक कृषि श्री संदीप यादव ने विक्रेता बंधुओं को फर्टिलाइजर ई-टोकन प्रणाली के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने ई-टोकन व्यवस्था की प्रक्रिया, इसके उपयोग, उर्वरक वितरण में इसकी भूमिका तथा विक्रेताओं द्वारा अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विक्रेताओं की ओर से उठाए गए विभिन्न सवालों और जिज्ञासाओं का भी समाधान करने का प्रयास किया।
इस दौरान कृषि विभाग के एडीए श्री विजय जाट, श्री मालवीय, श्री सत्यनारायण जाट एवं श्री वर्मा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विक्रेताओं से ई-टोकन प्रणाली को लेकर संवाद किया और व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
कृषि आदान विक्रेता संघ ने रखे सुझाव
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जागरूक कृषि आदान विक्रेता संघ जिला इंदौर के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। संघ के अध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे, उपाध्यक्ष श्री अरुण खंडेलवाल, उपाध्यक्ष श्री विवेक वाणी, उपाध्यक्ष श्री पूनम हार्डिया एवं सचिव श्री जितेंद्र जैन ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
ई-टोकन प्रणाली के संचालन के दौरान विक्रेता बंधुओं के सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को लेकर संघ के अध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नई डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य यदि उर्वरक वितरण को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है, तो इसके क्रियान्वयन के दौरान आने वाली तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का समय पर समाधान भी आवश्यक है। उन्होंने विक्रेताओं की समस्याओं को विभागीय स्तर पर गंभीरता से लेने तथा आवश्यक सुधार किए जाने की बात रखी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विक्रेताओं ने भी ई-टोकन प्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। प्रशिक्षण कार्यक्रम को विक्रेता बंधुओं के लिए उपयोगी बताया गया।
नवनियुक्त कृषि अधिकारियों का सम्मान समारोह
इसी स्थान पर रविवार शाम 8 बजे से एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में इंदौर जिले के नवनियुक्त उपसंचालक कृषि श्री संदीप यादव, संयुक्त संचालक कृषि श्री जितेंद्र जी, पदोन्नति होकर आत्मा भोपाल में नियुक्त हुईं पूर्व एडीए श्रीमती रश्मि प्रचंड, विभाग के श्री चौधरी जी, आगर जिले के नवनियुक्त उपसंचालक कृषि श्री गोपेश पाठक, कृषि विस्तार अधिकारी से एडीए पद पर नियुक्त श्री राजेश धारे, असिस्टेंट संयुक्त संचालक कृषि श्री दिलीप जाट तथा सहायक कृषि विस्तार अधिकारी श्री शोभाराम जी सहित अन्य अधिकारियों का सम्मान किया गया।
बताया गया कि श्री गोपेश पाठक पूर्व में देवास जिले में पदस्थ थे और अब उन्हें आगर जिले में उपसंचालक कृषि के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां एवं पदोन्नति मिलने पर कार्यक्रम में शुभकामनाएं दी गईं।
सम्मान समारोह के दौरान नवनियुक्त एवं पदोन्नत अधिकारियों का साफा पहनाकर, पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं एवं बधाइयां प्रेषित कीं।
कृषि आदान विक्रेता संघ के पदाधिकारियों ने किया स्वागत
सम्मान समारोह में जागरूक कृषि आदान विक्रेता संघ जिला इंदौर के पदाधिकारियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। संघ के अध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे, सचिव श्री जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष श्री अरुण खंडेलवाल, उपाध्यक्ष श्री पूनम हार्डिया एवं उपाध्यक्ष श्री विवेक वाणी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने भी उपस्थित अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कृषि विभाग एवं कृषि आदान विक्रेताओं के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और सहयोग की भावना देखने को मिली।
विभाग और विक्रेताओं के बीच संवाद को बताया महत्वपूर्ण
पूरे कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों और कृषि आदान विक्रेताओं के बीच संवाद प्रमुख विषय रहा। दिन में आयोजित ई-टोकन प्रशिक्षण ने जहां विक्रेताओं को नई व्यवस्था को समझने में मदद की, वहीं शाम के सम्मान समारोह ने विभाग और कृषि आदान विक्रेता संगठन के बीच आपसी सौहार्द और समन्वय को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि कृषि विभाग और कृषि आदान विक्रेता मिलकर किसानों तक उर्वरक एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था को अधिक सुचारु और पारदर्शी बनाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। साथ ही ई-टोकन प्रणाली के संचालन में आने वाली समस्याओं का आपसी संवाद के माध्यम से समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कृषि आदान विक्रेता संघ के पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए किसान हित में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
यह भी पढे़ – ई-टोकन की कमियां दूर करने की मांग, केंद्रीय उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा को पत्र
