Headlines

मत्स्य पालन क्षेत्र में खुलेंगे रोजगार और कारोबार के नए रास्ते, भारत का उत्पादन 198 लाख टन पहुंचा

हमसे जुड़ेंलिंक कॉपी हुआ ✓

क्लस्टर आधारित विकास, आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म से बदलेगी मछली पालन की तस्वीर; युवाओं और महिलाओं के लिए उद्यमिता के बढ़ेंगे अवसर

हलधर किसान | नागपुर। भारत में मत्स्य पालन और जलीय कृषि का क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है। अब यह केवल मछली उत्पादन और पारंपरिक व्यवसाय तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, निर्यात और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का बड़ा माध्यम बनता जा रहा है। केंद्र सरकार का जोर इस क्षेत्र को आधुनिक तकनीक, क्लस्टर आधारित विकास और मजबूत बाजार व्यवस्था से जोड़ने पर है। इसी दिशा में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के मत्स्य पालन विभाग के सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने महाराष्ट्र के नागपुर स्थित पशु एवं मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर मत्स्य पालन, जलीय कृषि, उद्यमिता और जल आधारित अर्थव्यवस्था में उभरते अवसरों की जानकारी दी।

डॉ. लिखी ने महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारत में मत्स्य पालन क्षेत्र की उपलब्धियों, सरकारी योजनाओं और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि भारत का कुल मत्स्य उत्पादन वर्ष 2024-25 में बढ़कर 198 लाख टन तक पहुंच गया है। वैश्विक मत्स्य उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी लगभग 8 प्रतिशत है और देश विश्व का दूसरा सबसे बड़ा जलीय कृषि उत्पादक बन चुका है। अंतर्देशीय मत्स्य पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इनका उत्पादन वर्ष 2024-25 में बढ़कर 153 लाख टन हो गया है।

उन्होंने बताया कि भारत का समुद्री खाद्य निर्यात भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में समुद्री खाद्य निर्यात 19.32 लाख मीट्रिक टन और मूल्य के आधार पर 73,890.46 करोड़ रुपये यानी लगभग 8.45 अरब डॉलर के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। यह क्षेत्र देश के 3 करोड़ से अधिक मछुआरों और मत्स्य पालकों की आजीविका का प्रमुख आधार है।

34 विशेष मत्स्य पालन क्लस्टर से मिलेगा विकास को बढ़ावा

डॉ. लिखी ने कहा कि मत्स्य पालन क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने के साथ पूरी मूल्य श्रृंखला को मजबूत बनाना जरूरी है। इसके लिए केंद्र सरकार क्लस्टर आधारित विकास मॉडल पर काम कर रही है। देशभर में 34 विशेष मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्लस्टर अधिसूचित किए गए हैं। इनका उद्देश्य उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात तक एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इन क्लस्टरों में टूना, झींगा, पर्ल स्पॉट, मुरेल, पंगेसियस, तिलापिया, ट्राउट, समुद्री शैवाल, सजावटी मछली पालन, जलाशय मत्स्य पालन, शीतजल मत्स्य पालन, केज कल्चर और जैविक मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है। क्लस्टर के माध्यम से मत्स्य पालकों को तकनीकी सहायता, बाजार तक पहुंच, वित्तीय सुविधाएं और मूल्य संवर्धन के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसमें नाबार्ड, निजी उद्यमियों, वित्तीय संस्थानों और अन्य हितधारकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

आधुनिक तकनीक से बढ़ेगा उत्पादन और किसानों की आय

केंद्रीय सचिव ने कहा कि मत्स्य पालन को अधिक उत्पादक और व्यावसायिक रूप से लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाना समय की जरूरत है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत पुनर्चक्रण जलीय कृषि प्रणाली (आरएएस), बायोफ्लॉक तकनीक, समुद्री एवं जलाशय केज कल्चर, रेसवे सिस्टम, पेन कल्चर और आधुनिक हैचरी जैसी तकनीकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इन तकनीकों के माध्यम से कम जगह और नियंत्रित परिस्थितियों में भी मछली उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही जल की गुणवत्ता की निगरानी, मछलियों के स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित आहार, रोगों की पहचान और उत्पादन व्यवस्था को बेहतर बनाने में डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मशीन लर्निंग और ड्रोन की भूमिका लगातार बढ़ रही है।

युवाओं और महिलाओं के लिए उद्यमिता के नए अवसर

डॉ. लिखी ने कहा कि मत्स्य पालन क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के पारंपरिक विकल्पों से आगे बढ़कर अपना व्यवसाय शुरू करने की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के माध्यम से स्टार्टअप, युवा उद्यमियों, मत्स्य किसान उत्पादक संगठनों, सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने मत्स्य पालन सहकारी समितियों को मजबूत बनाने, संस्थागत ऋण, वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) जैसे डिजिटल बाजार मंचों के माध्यम से मत्स्य उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म को मत्स्य पालकों के पंजीकरण और उन्हें ऋण, बीमा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

प्रसंस्करण और शीत भंडारण से मजबूत होगी बाजार व्यवस्था

उन्होंने कहा कि मछली उत्पादन बढ़ाने के साथ उसे सुरक्षित रखने, सही समय पर बाजार तक पहुंचाने और बेहतर कीमत प्राप्त करने की व्यवस्था भी जरूरी है। इसके लिए स्मार्ट एवं एकीकृत मत्स्यन बंदरगाह, आधुनिक मछली अवतरण केंद्र, थोक और खुदरा मछली बाजार, शीत भंडारण, परिवहन नेटवर्क तथा प्रसंस्करण इकाइयों का विकास आवश्यक है।

डॉ. लिखी ने समुद्री शैवाल की खेती, सजावटी मत्स्य पालन, मोती की खेती और अन्य समुद्री जलीय कृषि गतिविधियों को भी भविष्य के महत्वपूर्ण व्यवसाय बताया। इन क्षेत्रों में विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार की संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादन के बाद प्रबंधन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को बेहतर बनाकर मछुआरों की आय बढ़ाई जा सकती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की स्थिति मजबूत की जा सकती है।

विद्यार्थियों से संवाद, इंटर्नशिप और रोजगार पर चर्चा

कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न मत्स्य महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, कृषि विज्ञान केंद्रों, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थानों तथा विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मत्स्य पालन विभागों के प्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

विद्यार्थियों ने मत्स्य पालन क्षेत्र में रोजगार और इंटर्नशिप के अवसरों की जानकारी साझा करने के लिए एक विशेष मंच विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाली सरकारी योजनाओं में भी रुचि दिखाई। डॉ. लिखी ने विद्यार्थियों को पारंपरिक नौकरियों तक सीमित न रहकर मत्स्य पालन, जलीय कृषि और इससे जुड़े नए व्यवसायों में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।

19.69 करोड़ की लागत से विकसित हो रहा मत्स्य प्रौद्योगिकी परिसर

दौरे के दौरान डॉ. लिखी ने महाविद्यालय की मत्स्य बीज इकाई, हैचरी, प्रदर्शनी और संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मत्स्य प्रौद्योगिकी परिसर का भी दौरा किया, जिसे अंतर्देशीय मत्स्य पालन के लिए एकीकृत केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां अनुसंधान, प्रशिक्षण, रोग निदान और तकनीकी प्रदर्शन जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परिसर का विकास मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि अवसंरचना विकास निधि योजना के तहत 19.69 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से किया जा रहा है।

यह भी पढेंः- गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले! बिहार सरकार दे रही ₹15,000 तक की सब्सिडी, मुफ्त बीज और पौधों पर भी मिलेगा अनुदान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *