Headlines

किसानों की मेहनत से भारत ने बनाया खाद्यान्न उत्पादन का नया रिकॉर्ड, 3785 लाख टन के पार पहुंचा उत्पादन

हमसे जुड़ेंलिंक कॉपी हुआ ✓

खरीफ 2026-27 में भी बंपर पैदावार का अनुमान, पांच साल के औसत से 97.67 लाख टन अधिक होगा खाद्यान्न उत्पादन; दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता पर सरकार का विशेष फोकस

हलधर किसान | नई दिल्ली। भारतीय कृषि क्षेत्र ने एक बार फिर अपनी ताकत दुनिया के सामने साबित की है। देश के किसानों की कड़ी मेहनत, बेहतर कृषि तकनीक और केंद्र सरकार की योजनाओं के परिणामस्वरूप वर्ष 2025-26 में खाद्यान्न उत्पादन ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 3785.38 लाख टन के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और अल नीनो की चुनौती के बावजूद वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन में भी शानदार उत्पादन की उम्मीद जताई गई है। खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 26 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्ष 2025-26 की प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान और वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम उत्पादन अनुमान जारी किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के परिश्रम और सरकार की कृषि नीतियों से भारत ने वैश्विक कृषि मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। आज भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है।

खाद्यान्न उत्पादन में 208 लाख टन की ऐतिहासिक वृद्धि

कृषि मंत्री द्वारा जारी अंतिम अनुमानों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन रहा, जबकि वर्ष 2024-25 में यह 3577.32 लाख टन था। इस प्रकार एक वर्ष में खाद्यान्न उत्पादन में 208.06 लाख टन की वृद्धि दर्ज की गई है।

धान और गेहूं उत्पादन में भी देश ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। वर्ष 2025-26 में चावल का उत्पादन 1551.54 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 49.70 लाख टन अधिक है। इसी तरह गेहूं उत्पादन 1220.64 लाख टन दर्ज किया गया, जो वर्ष 2024-25 की तुलना में 41.19 लाख टन ज्यादा है।

मक्का उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष 434.09 लाख टन के मुकाबले इस बार मक्का उत्पादन बढ़कर 550.25 लाख टन पहुंच गया। वहीं, कुल पोषक एवं मोटे अनाज का उत्पादन 740.80 लाख टन रहा, जिसमें श्रीअन्न का योगदान 172.09 लाख टन है।

दलहन और तिलहन उत्पादन में भी बने नए रिकॉर्ड

देश में दालों की बढ़ती मांग को देखते हुए दलहन उत्पादन में हुई वृद्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्ष 2025-26 में कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष के 256.83 लाख टन से 15.57 लाख टन अधिक है। इसमें चना 125.13 लाख टन, मूंग 43.96 लाख टन और तुअर यानी अरहर का उत्पादन 35.99 लाख टन दर्ज किया गया।

तिलहन उत्पादन भी बढ़कर 432.55 लाख टन के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। इसमें मूंगफली का उत्पादन 131.71 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.29 लाख टन अधिक है। इसी तरह रेपसीड एवं सरसों का उत्पादन 137.66 लाख टन दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष से 10.99 लाख टन अधिक है। सोयाबीन का उत्पादन 126.36 लाख टन रहा।

नकदी फसलों में गन्ने का उत्पादन 5037.29 लाख टन, कपास का उत्पादन 280.06 लाख गांठ और जूट एवं मेस्ता का उत्पादन 94.28 लाख गांठ दर्ज किया गया।

अल नीनो की चुनौती के बावजूद खरीफ में अच्छी पैदावार की उम्मीद

वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि इस बार अल नीनो, मानसून में देरी और कई प्रमुख कृषि क्षेत्रों में कम बारिश के कारण किसानों को चुनौतियों का सामना करना पड़ा। जून में सामान्य से 35 से 40 प्रतिशत तक कम बारिश और महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना तथा आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने से धान, मक्का, तुअर, सोयाबीन और कपास जैसी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई।

इसके बावजूद किसानों की मेहनत, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु अनुकूल फसल किस्मों के कारण खरीफ उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है। प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार, खरीफ 2026-27 में कुल खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने का अनुमान है।

इसमें खरीफ चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने की संभावना है। वहीं, पोषक एवं मोटे अनाज का उत्पादन 381.05 लाख टन अनुमानित है। इसमें मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन और रागी 12.48 लाख टन शामिल हैं।

खरीफ दलहन और तिलहन में भी बेहतर प्रदर्शन

खरीफ सीजन में कुल दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन रहने का अनुमान है। इसमें तुअर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन और उड़द 14.49 लाख टन उत्पादन का अनुमान लगाया गया है।

वहीं, खरीफ तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन रहने की संभावना है। इसमें मूंगफली का उत्पादन 111.68 लाख टन और सोयाबीन का उत्पादन 102.44 लाख टन अनुमानित है। इसके अलावा अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन और सूरजमुखी 1.17 लाख टन रहने का अनुमान है।

खरीफ सीजन में गन्ना उत्पादन 4543.39 लाख टन, कपास 248.66 लाख गांठ और जूट एवं मेस्ता 97.06 लाख गांठ रहने की संभावना जताई गई है।

अब दलहन और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता पर जोर

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गेहूं और चावल के पर्याप्त भंडार के बाद अब सरकार का विशेष ध्यान दलहन और तिलहन के उत्पादन को बढ़ाने पर है। देश में दालों और खाद्य तेलों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में दलहन मिशन और तिलहन मिशन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना भी सरकार की प्राथमिकता है, ताकि किसान पारंपरिक फसलों के साथ दूसरी लाभकारी फसलों को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकें।

भारतीय चावल की दुनिया में बढ़ी मांग

कृषि मंत्री ने बताया कि भारत आज केवल अपनी खाद्य जरूरतें पूरी नहीं कर रहा, बल्कि दुनिया के खाद्य भंडार में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। भारतीय चावल के निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित कई देशों में भारतीय बासमती चावल की मांग बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि वैश्विक उत्पादन में भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों में पहले स्थान पर है। वहीं गेहूं और कपास के उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।

डिजिटल सर्वे और वैज्ञानिक सत्यापन से तैयार हुए आंकड़े

कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि खरीफ 2026-27 के आंकड़े प्रथम अग्रिम अनुमान हैं। फसल कटाई प्रयोगों से वास्तविक उपज के आंकड़े प्राप्त होने के बाद इनमें संशोधन किया जाएगा। इन अनुमानों को तैयार करने में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त जानकारी के साथ रिमोट सेंसिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसल मौसम निगरानी समूह और कृषि उद्योग के प्रतिनिधियों से मिले सुझावों का उपयोग किया गया है। आंकड़ों का त्रि-स्तरीय सत्यापन भी किया गया है।

यह भी पढे़:- पंजाब के खेतों में पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, बोले- धरती की सेहत बचाना जरूरी; पराली न जलाने वाले किसानों और पंचायतों का किया सम्मान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *