सांड़ के हमले से टूटी हड्डी, किसान ने डीएम समेत पांच को भेजा नोटिस

WhatsApp Image 2023 06 01 at 1.06.37 PM

हलधर किसान। स्वछंद विचरण करने वाले सांड़ ने खेत जा रहे एक किसान पर हमला कर दिया। उनकी हड्डी तोड़ दी। उपचार में एक लाख रुपये खर्च हो गए। किसान ने मामले में डीएम, जिला पंचायत अध्यक्ष, एसडीएम किरावली, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान लोहकरेरा को नोटिस भेजा है। बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशाला नहीं भिजवाने का जिम्मेदार ठहराते हुए उनसे पांच लाख रुपये मुआवजा मांगा है।
मिली जानकारी अनुसार लोहकरेरा निवासी किसान राजकुमार 15 अप्रैल 2023 की शाम को घर से खेत जा रहे थे। रास्ते में एक ढाबे के पास बेसहारा सांड़ ने हमला बोलकर गंभीर घायल कर दिया। उनके पैर की हड्डी टूट गई। अस्पताल में 21 से 25 अप्रैल तक उनका उपचार चला। पैर का आपरेशन हुआ। उपचार में उनका एक लाख रुपये खर्चा हो गया। उन्होंने अपने अधिवक्ता रोहन सिंह के माध्यम से अधिकारियों को नोटिस भेजा है। इसमें कहा है कि क्षेत्र में बेसहारा सांड़ों का आतंक है। मुख्यमंत्री द्वारा भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि एक अप्रैल 2023 के बाद प्रदेश की सड़कों और किसानों के खेत में एक भी बेसहारा सांड़ या गाय नहीं होने चाहिए। सभी को पकड़ कर गोशाला भिजवाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्रभ् के अादेश के अनुपालन की आप की जिम्मेदारी है। जिसका पालन नहीं किया, बेसहारा पशुओं के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं, कुछ की जान तक जा चुकी है।
24 सितंबर 2022: जनकपुरी महोत्सव के दौरान सांड़ ने पांच वर्षीय बच्चे समेत कई लोगों को हमला करके घायल किया। 22 जून 2022: निबोहरा थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय किसान बंगाली की सांड़ के हमले में मृत्यु। 6 मई 2023: पिनाहट थाना क्षेत्र में सांड़ ने बाइक सवार तीन लोगों पर हमला बोलकर घायल किया। 3 दिसंबर 2018: गढ़ी रामबख्श में सात वर्षीय देवेंद्र पुत्र कोमल सिंह को सांड़ ने हमला कर मार दिया। सांड़ ने इससे पूर्व ओम प्रकाश, बनी सिंह और गुड्डू को हमला बोलकर घायल कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *