Headlines

7 को भोपाल में होगा राष्ट्रीय स्वच्छ भारत कार्यक्रम, दिल्ली के बाद पहली बार भोपाल को मिला अवसर

हलधर किसान। अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस-2023 पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा मध्य प्रदेश पर्यावरण विभाग के सहयोग से भोपाल में राष्ट्रीय कार्यक्रम 7 सितंबर को किया जाएगा। अब तक यह कार्यक्रम नई दिल्ली में हुआ था। यह पहली बार है कि “इंटरनेशनल-डे ऑफ क्लीन एयर फॉर ब्ल्यू स्काईज” का राष्ट्रीय कार्यक्रम दिल्ली से बाहर किसी राज्य मध्यप्रदेश के भोपाल में किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ 7 सितंबर को सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, प्रदेश के पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे।

शहरों को किया जाएगा पुरस्‍कृत

“टूगेदर फॉर क्लीन एयर” कार्यक्रम में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2023 में प्रथम तीन स्थान पाने वाले शहरों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। मध्यप्रदेश ने इसमें विशेष सफलता हासिल की है। दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में इंदौर ने प्रथम और भोपाल ने 5वां स्थान, जबलपुर ने 13वां और ग्वालियर ने 41वां स्थान प्राप्त किया है। तीन से 10 लाख तक शहरों की श्रेणी में सागर को देश में 10वां और 3 लाख से कम आबादी वाले शहरों में देवास को 6वां स्थान मिला है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2023 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में इंदौर को प्रथम, आगरा द्वितीय, ठाणे तृतीय, 3 से 10 लाख आबादी श्रेणी में अमरावती प्रथम, मुरादाबाद द्वितीय, गुंटूर तृतीय और 3 लाख से कम आबादी की श्रेणी में परवानू प्रथम, काला अंब द्वितीय और अंगुल तृतीय रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *