पर्यटको को लुभाने कई देश वीजा व्यवस्थाओं में कर रहे बदलाव
हलधर किसान (पर्यटन)। अगर आप पर्यटन के लिए विदेश घुमने का शौक रखते है तो आपके लिए खुश खबरी है। श्रीलंका और थाईलैंड के बाद अब मलेशिया के लिए भारतीय यात्रियों को बगैर वीजा एंट्री मिलने वाली है।
मलेशिया ने घोषणा की है, कि एक दिसंबर से वो भारतीय नागरिकों के लिए वीजा फ्री एंट्री की सुविधा शुरू कर रहा है। यानि, अब भारतीय नागरिकों को मलेशिया जाने के लिए वीजा लेने की जरूरत नहीं होगी। मलेशिया के प्रधान मंत्री अनवर इब्राहिम ने घोषणा की है, कि मलेशिया 1 दिसंबर से भारत के नागरिकों के लिए प्रवेश वीजा जरूरतों को खत्म कर देगा।
सिर्फ मलेशिया ही नहीं, बल्कि श्रीलंका, थाईलैंड और वियतनाम जैसे भी देश हैं, जो भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए फ्री वीजा नीति ला रहे हैं। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह है, भारतीय पर्यटकों की बढ़ती रिकॉर्ड तोड़ संख्या, जिसकी तरफ तेजी से दुनिया का ध्यान दिया है। लिहाजा, ये भारत की टूरिज्म डिप्लोमेसी की तरफ बढ़ता कदम है।

मलेशिया के प्रधानमंत्री इब्राहिम ने कहा इस फैसले का उद्देश्य देश में पर्यटन को बढ़ावा देना और बदले में अपनी अर्थव्यवस्था को ऊपर की ओर धकेलना है। और यह कदम तब आया है, जब अनवर ने पिछले महीने विशेषकर भारत और चीन से पर्यटकों और निवेशकों के प्रवेश को प्रोत्साहित करने के लिए अगले साल वीजा सुविधाओं में सुधार करने की योजना की घोषणा की थी।
कुछ हफ़्ते पहले, थाईलैंड ने घोषणा की थी, कि भारतीय नागरिक 10 नवंबर से बिना वीज़ा के एशियाई देश में प्रवेश कर सकते हैं। 10 मई 2024 तक ये सुविधा वैध रहेगी। इस दौरान थाईलैंड, अपने देश में भारतीय पर्यटकों को केवल पर्यटन उद्देश्यों के लिए 30 दिनों के लिए रहने की अनुमति दे रहा है।
इसी तरह, श्रीलंका ने भारत के आगंतुकों के लिए वीज़ा.मुक्त प्रवेश पहल की घोषणा की है। श्रीलंका सरकार की ये पहल 31 मार्च 2024 तक कर्ज में फंसे द्वीप राष्ट्र के पर्यटन के पुनर्निर्माण के लिए एक पायलट परियोजना का एक हिस्सा है।
भारतीय पर्यटकों के अलावा, चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिया और थाईलैंड सहित छह अन्य देशों के यात्री भी इसमें शामिल हो सकेंगे और वो बिना किसी शुल्क के श्रीलंका की यात्रा कर सकते हैं।