वरिष्ठ समाजसेवी श्री बाबूलाल रघुवंशी (तालोद वाले) का निधन, कृषि जगत एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर

Passing of veteran social worker Shri Babulal Raghuvanshi

हलधर किसान उज्जैन। समाजसेवा, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता के लिए अपनी पहचान बनाने वाले वरिष्ठ नागरिक श्री बाबूलाल जी रघुवंशी (तालोद वाले) का 28 जून 2026, रविवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से उज्जैन, नागदा, तालोद सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस शोक की घड़ी में सबसे प्रमुख रूप से उनके सुपुत्र श्री संजय कुमार रघुवंशी, जो कृषि आदान विक्रेता संघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश सचिव के साथ-साथ संगठन के सक्रिय एवं लोकप्रिय पदाधिकारी हैं, पूरे परिवार के साथ अंतिम संस्कार एवं शोक कार्यक्रमों का संचालन कर रहे हैं। कृषि आदान विक्रेता संघ, किसान संगठनों तथा सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण प्रदेशभर से सैकड़ों लोगों ने व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर तथा दूरभाष और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

स्वर्गीय श्री बाबूलाल रघुवंशी, संजय कुमार रघुवंशी के पूज्य पिताश्री थे। इसके अलावा वे अर्जुन सिंह (प्रदेश मंत्री, भाजपा किसान मोर्चा) एवं राजेंद्र सिंह (लाला भैया, नागदा) के पिताश्री तथा जितेंद्र सिंह रघुवंशी (प्रधानमंत्री इंटक, नागदा) के चाचाश्री थे। परिवार के किशन, अश्विन, गौरव, यंकवेश एवं गौमित के वे स्नेहमयी दादाजी थे।

शोक सभा उनके निवास शास्त्री नगर, गली नंबर-2, फ्रीगंज, उज्जैन में प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित की जा रही है, जहां समाज के विभिन्न वर्गों के लोग पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

इस अवसर पर संजय कुमार रघुवंशी ने सभी शुभचिंतकों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पूजनीय पिताजी के आकस्मिक निधन से पूरा परिवार अत्यंत दुःखी है, लेकिन समाज, मित्रों, रिश्तेदारों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े साथियों द्वारा दिए गए सहयोग और संवेदनाओं ने इस कठिन समय में परिवार को मानसिक संबल प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होकर अथवा संदेशों के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति वे और उनका पूरा परिवार हृदय से कृतज्ञ हैं।

स्वर्गीय श्री बाबूलाल रघुवंशी के निधन पर कृषि आदान विक्रेता संघ मध्यप्रदेश, ऑल इंडिया एग्री इनपुट डीलर्स एसोसिएशन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। कृषि आदान विक्रेता संघ मध्यप्रदेश भोपाल के अध्यक्ष एवं ऑल इंडिया एग्री इनपुट डीलर्स एसोसिएशन, नई दिल्ली के उपाध्यक्ष श्री मान सिंह राजपूत, सदस्यता अभियान प्रभारी श्री विनोद जैन, उपाध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे, ऑल इंडिया एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन नई दिल्ली के सदस्य व सागर जिला अध्यक्ष श्री राजेश मलैया एवं बैतूल जिला अध्यक्ष श्री प्रकाश जैन जी, सहित अनेक पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

कृषि एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि संजय कुमार रघुवंशी ने अपने पिता से सेवा, सादगी और समाज के प्रति समर्पण के जो संस्कार प्राप्त किए, वही आज उनके सार्वजनिक जीवन में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। उनके पिता का मार्गदर्शन और प्रेरणा सदैव उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की आधारशिला रही है। यही कारण है कि इस दुखद अवसर पर प्रदेशभर से कृषि आदान विक्रेताओं, किसान संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं शुभचिंतकों ने एकजुट होकर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

‘हलधर किसान’ परिवार स्वर्गीय श्री बाबूलाल जी रघुवंशी (तालोद वाले) को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा श्री संजय कुमार रघुवंशी एवं समस्त रघुवंशी परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।

यह भी पढेंः- कृषि के समग्र विकास के लिए ‘होल ऑफ गवर्नमेंट’ दृष्टिकोण जरूरी : शिवराज सिंह चौहान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *