हलधर किसान, वाराणसी (शोध)। चिकित्सा विज्ञान संस्थान बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग के दो चिकित्सकों को अमेरिका में सम्मानित किया गया है। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अभिषेक पाठक और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आनंद को अमेरिकन एकेडमिक न्यूरोलॉजी की ओर से 22 से 27 अप्रैल तक बोस्टन में आयोजित वार्षिक समारोह में एएएन अवॉर्ड 2023 से सम्मानित किया गया। न्यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. विजय नाथ मिश्र ने बताया कि डॉ. अभिषेक पाठक को लकवा के कारण, बचाव व सतर्कता पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया था। वहीं डॉ. आनंद कुमार को यह सम्मान उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, नेपाल सहित कई राज्यों से आने वाले मरीजों में सिरदर्द की समस्या पर शोध कार्य के लिए दिया गया। प्रो. आरएन चौरसिया, प्रो. दीपिका जोशी, डाॅ. वरुण सिंह ने इसे विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि बताई है।
अमेरिका के बोस्टन में 22 से 27 अप्रैल तक चले इस समारोह में शामिल BHU के न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर अभिषेक पाठक ने लकवा पर शोध पत्र पढ़ा था। उन्होंने बताया कि इस बीमारी को लेकर BHU का न्यूरोलॉजी विभाग काफी सतर्क है। वहां पर इलाज की विधियों के बारे मे दुनिया भर के डॉक्टरों को अवगत कराया। उनके साथ ही डॉ. आनंद कुमार ने ‘सिर दर्द’ पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। बोस्टन में चलने वाले इस समारोह की जानकारी न्यूरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विजयनाथ मिश्र ने दी। प्रोफेसर मिश्रा ने बताया कि BHU में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, नेपाल सहित कई राज्यों से आने वाले मरीजों पर किए गए शोध पर आधारित रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए गए थे। BHU के इस काम को देखकर सम्मानित किया गया है। अवार्ड पाने के बाद विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विजयनाथ मिश्र, प्रोफेसर आरएन चौरसिया, प्रोफेसर दीपिका जोशी, डाॅ. वरुण सिंह ने प्रसन्नता जाहिर की। कहा कि अमेरिका में BHU न्यूरोलॉजी विभाग का नाम रोशन करने वाले चिकित्सकों पर सभी को गर्व है।
अमेरिका में सम्मानित हुए बीएचयू के दो न्यूरो डॉक्टर, लकवा और सिर दर्द शोध पत्र के लिए मिला अवॉर्ड
