Headlines

गोपालपुरा में भीषण आग, 7 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को लाखों का नुकसान

A massive fire in Gopalpura gutted 7 acres of wheat crop causing losses worth lakhs to farmers

हलधर किसान खरगोन। शहर सीमा से लगे ग्राम गोपालपुरा में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक एक खेत में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें आसपास के खेतों तक फैलने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कई खेत इसकी चपेट में आ गए। खेतों में खड़ी गेहूं की पकी हुई फसल आग की भेंट चढ़ने लगी, जिससे किसानों में हड़कंप मच गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही खेत मालिक और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा और सूखी फसल के कारण आग लगातार फैलती चली गई। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद खरगोन नगर से दमकल वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि दमकल वाहन को मौके पर पहुंचने में काफी समय लग गया, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, तब तक दो मामा-भांजे के करीब 7 एकड़ क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल दल और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग को आगे फैलने से रोका जा सका, अन्यथा आसपास के कई और खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

खेत मालिक स्माईल ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वे अपने घर पर थे। उसी दौरान उन्हें खेत में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे तुरंत खेत की ओर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आसपास के किसानों और ग्रामीणों ने दमकल वाहन को फोन कर सूचना दे दी थी, लेकिन दमकल के मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इस दौरान आग तेजी से फैलती रही और देखते ही देखते करीब 7 एकड़ की गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।

वहीं एक अन्य किसान नौसाद ने बताया कि आग सबसे पहले उनके मामा के खेत में लगी थी। धीरे-धीरे आग की लपटें फैलते हुए उनके खेत तक भी पहुंच गईं। इससे उनके और उनके भाई के खेत में खड़ी करीब 1 एकड़ गेहूं की फसल भी जलकर राख हो गई। किसानों का कहना है कि अगर दमकल वाहन समय पर पहुंच जाता तो शायद इतना बड़ा नुकसान होने से बचाया जा सकता था।

ग्रामीणों के अनुसार खेतों में इस समय गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार खड़ी है। ऐसे में थोड़ी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इस घटना के बाद गांव के किसानों में चिंता का माहौल है।

फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी मामले की जानकारी लेने में जुटे हुए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इस घटना से प्रभावित किसानों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उनके नुकसान का उचित सर्वे कराया जाए और उन्हें शासन की ओर से राहत प्रदान की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके।

यह भी पढेंः- कृषि आदान विक्रेता संघ खरगोन का जिला स्तरीय सम्मेलन संपन्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *