व्यापारियों से संगठन मजबूत करने का आह्वान, सख्त कानूनों पर जताई चिंता
हलधर किसान खरगोन। डायवर्सन रोड स्थित एक निजी मैरेज गार्डन में कृषि आदान विक्रेता संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेता शामिल हुए। सम्मेलन में वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों, शासन द्वारा लागू किए जा रहे नए नियमों तथा संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में लगभग 350 से अधिक व्यापारियों की उपस्थिति रही, जिनमें से अधिकांश ने राष्ट्रीय संगठन की सदस्यता भी ग्रहण की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपूत, प्रदेश सचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय रघुवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण दुबे, प्रदेश सदस्यता प्रभारी विनोद जैन तथा जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चावला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सख्त कानूनों पर चेतावनी
प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शासन द्वारा व्यापार से संबंधित कई सख्त कानून लागू किए जा रहे हैं। यदि समय रहते व्यापारी संगठित नहीं हुए तो छोटे व्यापारियों के सामने व्यापार बंद होने जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठित शक्ति ही व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा कर सकती है और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बना सकती है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी ने मुख्य अतिथि के रूप में लगभग दो घंटे तक विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे संगठन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें तथा ऑनलाइन व्यापार से लेनदेन बंद करें। उन्होंने कहा कि जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत किए बिना कृषि व्यापार का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने खाद, बीज और कीटनाशक के नमूने फेल होने की स्थिति में बचाव के उपायों एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। साथ ही बताया कि ऑल इंडिया संगठन और प्रदेश संगठन द्वारा पिछले सात वर्षों में व्यापारियों के हित में कई महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं, जो आगे भी जारी रहेंगे।
एकजुटता पर जोर
प्रदेश सदस्यता अभियान प्रभारी विनोद जैन ने जिला संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं का एक ही सशक्त संगठन होना चाहिए। उन्होंने मांग रखी कि यदि किसी बीज या दवा की एक लॉट फेल होती है तो केवल उसी लॉट पर प्रतिबंध लगाया जाए, पूरे लाइसेंस को निरस्त न किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे लाइसेंस पर कार्रवाई होने से व्यापारी और उनका परिवार आर्थिक संकट में आ जाता है।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं इंदौर इकाई के अध्यक्ष श्रीकृष्ण दुबे ने सदस्यता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में प्रदेश संगठन सीड एक्ट या पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल के विरोध में उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाता है और सदस्यता सूची में नाम नहीं होगा, तो संबंधित व्यापारी को इसका लाभ नहीं मिल सकेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि सीड एक्ट और पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल में प्रस्तावित नए प्रावधानों पर व्यापारियों के सुझावों के आधार पर संशोधन किया जाए, अन्यथा व्यापारी इसका पूर्ण बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे।
जिले में सदस्यता अभियान
जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चावला ने जानकारी दी कि खरगोन जिले में लगभग 1400 कृषि आदान से जुड़े प्रतिष्ठान संचालित हैं। संगठन का लक्ष्य है कि सभी प्रतिष्ठानों को सक्रिय सदस्य बनाया जाए। इसके लिए जल्द ही तहसील स्तर पर चरणबद्ध सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और बैठकें आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। संचालन राजू पाटीदार ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चावला एवं राजेंद्र पाटीदार ने व्यक्त किया। सम्मेलन में उपस्थित व्यापारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और जिले के सभी व्यापारियों को सदस्यता अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
यह भी पढेंः- कृषि आदान व्यापारियों को सजग, सतर्क और संगठित होने की आवश्यकता – प्रदेश अध्यक्ष श्री राजपूत
