Headlines

बीज व्यापारियों की समस्याओं को लेकर दिल्ली में हुई बड़ी बैठक, राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री ने अतिरिक्त सचिव से की मुलाकात

हमसे जुड़ेंलिंक कॉपी हुआ ✓

हलधर किसान दिल्ली । नई दिल्ली में ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन द्वारा बीज व्यापारियों की समस्याओं को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री ने नई दिल्ली में बीज विभाग के अतिरिक्त सचिव अजीत कुमार साहू से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान बीज व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सबसे प्रमुख विषय ‘साथी पोर्टल’ रहा। संगठन की ओर से बताया गया कि महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के विक्रेताओं के बीच पोर्टल को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इस पर अनुरोध किया गया कि फिलहाल पोर्टल का उपयोग केवल कंपनी से थोक विक्रेता स्तर तक सीमित रखा जाए। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत अधिकांश रिटेल विक्रेताओं के पास कंप्यूटर और लैपटॉप जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

अतिरिक्त सचिव श्री साहू ने संगठन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वर्तमान समय में किसी भी रिटेल विक्रेता पर पोर्टल को लेकर कोई सख्ती नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने एनआईसी प्रमुख डी.वी. सिंह एवं कृषि निदेशक डॉ. सोनू चौधरी को निर्देश दिए कि महाराष्ट्र के विक्रेताओं की समस्याओं को सुनने के लिए जल्द ‘ज़ूम मीटिंग’ आयोजित की जाए। जानकारी के अनुसार आगामी आठ दिनों में महाराष्ट्र के सभी जिलाध्यक्षों की दिल्ली के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित होगी।

इस महत्वपूर्ण बैठक में तेलंगाना के अध्यक्ष मुनिंदर गौरी शेट्टी एवं बिहार के महासचिव मनमोहन सरोगी भी उपस्थित रहे। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय रघुवंशी ने जानकारी देते हुए कहा कि संगठन लगातार कृषि आदान व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रयासरत है।

इधर, 7 और 8 मई को दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक भी आयोजित की जा रही है, जिसमें नए पदाधिकारियों के चुनाव प्रस्तावित हैं। इस बैठक में मध्यप्रदेश संगठन की ओर से अध्यक्ष मानसिंह राजपूत, सचिव संजय रघुवंशी, विनोद जैन, राजेश मलैया एवं प्रकाश जैन दिल्ली पहुंच चुके हैं।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि व्यापारियों के हितों के लिए पदाधिकारी दिन-रात लगातार संघर्ष कर रहे हैं। लंबी यात्राएं, कठिन परिस्थितियां और लगातार बैठकों के बावजूद संगठन के सदस्य कृषि आदान व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।

इंदौर के श्री कृष्णा दुबे ने कहा कि संगठन की यह मेहनत आने वाले समय में व्यापारियों के हित में बड़े परिणाम लेकर आएगी। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाने और उनके प्रयासों को समर्थन देने की अपील भी की।

यह भी पढेंः- कृषि आदान व्यापारियों की हड़ताल: समस्याओं के समाधान को लेकर केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *