हे माँ! महँगीबा बड़भागी तू जो ऐसो लाल जनायो…

ब्रह्मलीन संतश्री सियाराम बाबा1

ब्रह्मलीन संतश्री सियाराम बाबा को नम आंखों से दी विदाई, अंतिम दर्शन के लिए सीएम सहित पहुंचे लाखों भक्त

मां नर्मदा के वरद् पुत्र और हनुमान भक्त के नाम से जाने जाते थे संत सियाराम, तपोभूमि पर ही ली अंतिम सांस

हलधर किसान खरगोन। हे माँ! महँगीबा बड़भागी तू जो ऐसो लाल जनायो। ऐसो लाल जनायो, खुद ब्रह्म तेरे घर आयो॥ रे माँ ! महँगीबा बड़भागी…जो भूमि का भार उठाये, उसे तूने गोद खिलायो। रे माँ! ब्रह्म तेरे घर आयो …. शब्द भी नि:शब्द! स्वर भी! एक संत का जाना, स्वरों को भी विराम दे गया। संत सियाराम बाबा की पहचान एक संत के रूप में ही नहीं, बल्कि ईश्वर के रूप में भी थी! ईश्वर से साक्षात करवाते, जीवन और मृत्यु के मोल को समझाते, नर की नश्वरता और ईश्वर के रहस्यों से पर्दा उठाते उनके आर्शीवचन मानवीय मूल्यों को समाहित किए रहते थे। वे सनातन परम्परा के वाहक रहे तो रामायण पाठ में  महारथ हासिल थी। ऐसे ही विरले संत सियाराम बाबा बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। हजारों की भीड़ ने संत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। सैकड़ों, हजारों नही बल्कि लाखों की संख्या में भक्तों के साथ ही सैंकड़ों तादात में साधु समाज भी इस क्षण का साक्षी बना।

संतश्री के अंतिम दर्शन के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव भी आश्रम पहुंचे। उन्होंने अपनी श्रद्धांजलि में कहा कि प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त, निमाड़ के दिव्य संत पूज्य श्री सियाराम बाबाजी के प्रभुमिलन का समाचार संत समाज सहित सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। धर्म साधना एवं मां नर्मदा की सेवा में समर्पित पूज्य बाबा जी ने असंख्य श्रद्धालुओं के जीवन को दिशा दी। संतश्री की इस पवित्र धरा को धार्मिक पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करेंगे एवं आश्रम के सेवादारों, समिति के निर्णय अनुसार यहां विकास कार्य कराएंगे।

ब्रह्मलीन संतश्री सियाराम बाबा3

तेली भट्याण स्थित आश्रम से मिली जानकारी अनुसार संत सियाराम बाबा ने मोक्षदा एकादशी याने बुधवार सुबह 6 बजकर  10 मिनट पर अंतिम सास ली। उल्लेखनीय है कि संतश्री का स्वास्थ्य पिछले दो सप्ताह से बिगड़ रहा था, उन्हें सनावद निजी अस्पताल भी ले जाया गया था, जहां चिकित्सको ने उन्हें निमोनिया से ग्रसित बताया था। दो दिन उपचार के बाद संतश्री ने स्वैच्छा से आश्रम पर ही स्वास्थ्य लाभ लेने की ईच्छा जताई थी। इसके बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी संतश्री की कुशलक्षेम जानने के बाद कलेक्टर को संतश्री के स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्देश दिए थे। जिसके चलते आश्रम पर ही पि पिछले एक सप्ताह से इंदौर के चिकित्सक संतश्री की देखरेख कर रहे थे। 

ब्रह्मलीन संतश्री सियाराम बाबा 1

एक सप्ताह से रोजाना बढ़ रही थी भक्तों की संख्या

संतश्री की सेहत बिगडऩे की सूचना पर पिछले एक सप्ताह से रोजाना भक्त आश्रम पहुंचने लगे थे। संतश्री की सेहत में सुधार के लिए नित पूजन-अर्चन, कामना किए जा रहे थे। मंगलवार देरशाम प्रसिद्ध कथावाचक पंडित नागर महाराज ने भी आश्रम पहुंचकर संतश्री के दर्शन किए थे

आश्रम से 4 किमी पहले लगाए बेरिकेट

Siyarambaba

श्रद्धालुओं की भीड़ के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुबह  से ही व्यवस्थाओं में जुट गया। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, एसपी धर्मराज मीना के निर्देशन में पिपलगोन से भट्याण आश्रम की ओर जाने वाले रास्ते पर बेरिकेटिंग कर दी गई। आश्रम से करीब 5 किमी पहले ही वाहनों को रोका गया, यहां से श्रद्धालूू पैदल आश्रम तक पहुंचे।   

दिनभर चलता रहा हरे राम संकीर्तन

मां नर्मदा के वरद् पुत्र, हनुमानजी के परम भक्त माने जाने वाले सन्त सियाराम बाबा के देह त्यागने का समाचार मिलते ही हर तरफ  शोक का माहौल है। मध्य प्रदेश ही नहीं, देश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा की तपोभूमि तेली भट्याण स्थित आश्रम पहुंच रहे हैं। उनकी पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए आश्रम परिसर पर रखी थी। दोपहर तीन बजे उनका डोला निकाला गया, जहां आश्रम के समीप ही नर्मदा स्नान के बाद अंतिम संस्कार किया गया।    

हर आंख में छलकें आंसू, हर मुख पर रहा जय सियाराम

ब्रह्मलीन संतश्री सियाराम बाबा2 3

संतश्री के अंतिम दर्शनों के लिए हर कोई आतुर था। बाबाश्री के देह दर्शन के साथ ही अंत्येष्टि तक के दौरान वहां मौजूद हर आंखों से आंसू छलकते नजर आए। भक्तों ने कहा कि गुरु तत्व सदैव विद्यमान रहता है। वह हम सबके ह्रदय में हमेशा रहेंगे। उनकी कमी की पूर्ति कोई नहीं कर सकता। उनके द्वारा दिए गए उपदेशों और शिक्षा के मार्ग पर चलकर देश को धर्म, आध्यात्मिक उत्थान के मार्ग पर ले जाने का जारी प्रयास जारी रहेगा। संत श्री के अंतिम दर्शन के लिए सांसद गजेंद्र पटेल, कसरावद विधायक सचिन यादव, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, बडवाह विधायक सचिन बिरला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवियों व भक्तों ने आश्रम पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित केंद्रिय मंत्रियों, बॉलीवुड कलाकारो ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से संतश्री को नमन कर उन्हें भावभिनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *