गुना। एबी रोड स्थित एक निजी होटल में कृषि आदान विक्रेता संघ गुना द्वारा जिला स्तरीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिलेभर से आए करीब 250 से अधिक कृषि आदान व्यापारी शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों ने व्यापारियों को वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों, शासन द्वारा लागू किए जा रहे नए नियमों तथा संगठन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संरक्षक श्री सुरेश रघुवंशी ने अतिथियों का परिचय कराया। जिला संगठन की ओर से अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपूत तथा मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश सचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय रघुवंशी उपस्थित रहे। इनके साथ संरक्षक श्री सुरेश रघुवंशी, जिलाध्यक्ष श्री महेश कुशवाह सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे।
सख्त कानूनों पर जताई चिंता
प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शासन द्वारा व्यापार से संबंधित कई सख्त कानून लागू किए जा रहे हैं, जिनका असर आने वाले समय में छोटे व्यापारियों पर गंभीर रूप से पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यापारी समय रहते संगठित नहीं हुए, तो भविष्य में व्यापार बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संगठित शक्ति ही व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा कर सकती है।
कानूनी जानकारी और संगठन की भूमिका पर जोर
मुख्य वक्ता संजय रघुवंशी ने करीब दो घंटे के विस्तृत उद्बोधन में कृषि से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों को खाद, बीज एवं कीटनाशक से संबंधित नियमों, सैंपल फेल होने की स्थिति में बचाव के उपाय तथा अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे संगठन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और ऑनलाइन व्यापारिक लेनदेन से बचें।
रघुवंशी ने बताया कि ऑल इंडिया एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन एवं प्रदेश संगठन द्वारा पिछले सात वर्षों में व्यापारियों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जो आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने सदस्यता अभियान को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यदि भविष्य में संगठन सीड एक्ट और पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल के विरोध में उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाता है, तो केवल पंजीकृत सदस्यों को ही इसका लाभ मिल सकेगा।
सदस्यता अभियान चलाने की घोषणा
जिलाध्यक्ष महेश कुशवाह ने अपने अध्यक्षीय स्वागत भाषण में बताया कि जिले में लगभग 500 कृषि आदान से जुड़े प्रतिष्ठान संचालित हैं। संगठन का लक्ष्य सभी प्रतिष्ठानों को सक्रिय सदस्य बनाना है। इसके लिए जल्द ही जिलेभर में चरणबद्ध सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और तहसील स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
संगठन को मजबूत करने का आह्वान
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने एक स्वर में व्यापारियों से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में संगठित रहना ही व्यापार की सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुशवाह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव श्री सचिन जैन ने किया।

श्री कृष्णा दुबे ने कहा
सम्मेलन के सफल आयोजन पर उपाध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे (कृषि आदान विक्रेता संघ मध्य प्रदेश, भोपाल) ने कहा कि गुना में आयोजित यह विशाल सम्मेलन संगठन की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर संगठन द्वारा व्यापारियों के हित में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि सभी व्यापारी एकजुट होकर सदस्यता अभियान से जुड़ें और अपने व्यापार को सुरक्षित करें।
उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि जो साथी अभी तक संगठन से नहीं जुड़े हैं, वे शीघ्र सदस्य बनें, ताकि भविष्य में आने वाली चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जा सके।
