उप्र के अलीगढ़ में कृषि आदान व्यापारियों का महाअधिवेशन सम्पन्न
हलधर किसान अलीगढ़। एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन अलीगढ़ का व्यापारी अधिवेशन नगर में आयोजित किया गया। अधिवेश में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अतुल त्रिपाठी, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश प्रभारी संजय रघुवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश वर्मा, प्रदेश मंत्री किशन गुप्ता शामिल हुए।
राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री रघुवंशी ने अपने संबोधन में व्यापारियों से आह्वान किया कि, वह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कीटनाशकों की खरीदी तत्काल बंद करें, क्योंकि यह अवैध व्यापार की श्रेणी में है। कीटनाशक अधिनियम 1968 नियम 1971 की धारा 10 (4) के अनुसार आपके पास निर्माता कंपनी द्वारा जारी प्रिंसिपल सर्टिफिकेट में नेम ऑफ सोर्स में बिलिंग करने वाले व्यापारी या फर्म का नाम होना चाहिए, लेकिन कोई भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म हमें नेम ऑफ सोर्स में प्रिंसिपल सर्टिफिकेट नहीं देता है, जो अवैध व्यापार की श्रेणी में आता है।
विशेष अतिथि विधायक सुरेंद्र दिलेर ने कृषि व्यापारियों को जिले में होने वाली समस्याओं पर विस्तार रूप से विचार-विमर्श करते हुए निराकरण का आश्वासन दिया। सम्मेलन में 500 से अधिक कृषि आदान व्यापारियों ने शामिल होकर इस महाअधिवेशन को सफल बनाया। जिला अध्यक्ष चेतन राणा एवं महामंत्री पवन अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में अतिथियों को माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इन मांगों का प्रस्ताव किया पारित
इस अधिवेशन में केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग का प्रस्ताव भी पारित किया गया,जिसमें यह मांगें शामिल है।
- खाद-बीज एवं कीटनाशक के मूल रूप से पेकिंग का सेम्पलिंग फेल होने पर निर्माता कंपनी पर कार्यवाही की जाए और व्यापारी को गवाह के रूप में पेश किया जाए।
- खाद पर डीलर मार्जिन 5 से 7 प्रतिशत किया जाए।
- एक बार लायसेंस लेने के बाद कम्पनियों के प्रिंसिपल सर्टिफिकेट जोडऩे की आवश्यकता बन्द की जाए।
- विक्रेता की मृत्यु होने पर उसके नजदीकी रिश्तेदार के नाम से लायसेंस ट्रांसफर किया जाए।
- पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल को स्थगित किया जाए। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा भविष्य में लागू किया जाने वाले साथी एप का पुरजोर विरोध किये जाने हेतु रूपरेखा तैयार करने की मांग भी की गई।
