संगठन विस्तार के साथ नई जिम्मेदारियों की घोषणा
उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन स्थित सॉलिटेयर होटल में रविवार, 7 जून 2026 को कृषि आदान विक्रेता संघ मध्य प्रदेश (भोपाल) की वार्षिक साधारण सभा एवं कार्यकारिणी बैठक का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के लगभग 40 जिलों से जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कृषि आदान व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन की गतिविधियों, व्यापारिक चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान महाकाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कृषि आदान व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया।
सभा के दौरान संगठनात्मक विस्तार एवं नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। प्रदेश अध्यक्ष श्री मानसिंह राजपूत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उनका मंच पर स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं श्री संजय रघुवंशी को पुनः राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश सचिव के दायित्व से नवाजा गया। दोनों पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने पुष्पमालाओं से अभिनंदन कर शुभकामनाएं दीं।

बैठक में संगठन के प्रति समर्पित एवं सक्रिय रूप से कार्य कर रहे पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां प्रदान की गईं। विभिन्न संभागों में संभागीय अध्यक्ष, संभागीय उपाध्यक्ष, संभागीय सचिव, संगठन मंत्री एवं प्रचार मंत्री पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की गई। संगठन ने स्पष्ट किया कि जो पदाधिकारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से व्यापारियों के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं, उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व देकर सम्मानित किया जा रहा है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश सचिव श्री संजय रघुवंशी ने कृषि आदान व्यापार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने प्रस्तावित सीड एक्ट, पेस्टिसाइड बिल तथा उर्वरक व्यापार में सामने आ रही ई-टोकन प्रणाली की समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार व्यापारियों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष रख रहा है तथा उनके समाधान के लिए प्रयासरत है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मानसिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कृषि आदान व्यापारियों को ऑनलाइन व्यापार के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कृषि आदानों का व्यापार कर रहे हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में वे नियमानुसार अधिकृत नहीं हैं। उन्होंने व्यापारियों को आगाह करते हुए कहा कि यदि कोई व्यापारी ऐसी कंपनियों से माल खरीद रहा है तो उसे तत्काल सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कई ऑनलाइन कंपनियां उत्पादों की वैध पीसी (प्राधिकृत विक्रय प्रमाणन) उपलब्ध नहीं करातीं तथा न ही संबंधित विक्रेताओं की जानकारी पारदर्शी रूप से देती हैं। उन्होंने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि वे कंपनी से विधिवत बिल, लॉट नंबर और बैच नंबर सहित सामग्री खरीदें ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी या व्यापारिक समस्या का सामना न करना पड़े।

सम्मेलन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे को इंदौर संभाग का संभागीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा भी की गई। इस अवसर पर उपस्थित कृषि आदान व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने उनका पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया। संगठन के सदस्यों ने उनके अब तक के योगदान की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
उज्जैन जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कृषि आदान व्यापार को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी व्यापारियों से संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं उज्जैन जिला उपाध्यक्ष श्री जवाहर जैन ने भी संगठन की मजबूती और व्यापारियों की एकजुटता पर अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में खरगोन के वरिष्ठ व्यापारी श्री विनोद जैन, रतलाम के रमेश गर्ग, रीवा के शैलेंद्र बघेल, बैतूल के प्रकाश जैन, जबलपुर के आनंद कपूर, सागर के अनुराग जैन, आगर के मोहन आर्य, मंदसौर के राकेश जैन, खंडवा के आशीष भंसाली, धार के नरेश पहाड़िया, अलीराजपुर के शफकत भाई, विदिशा के राजीव पीतलिया एवं दीपक चौरसिया, सीहोर के सुनील राठी, हरदा के बालकृष्ण पाटिल, सिलवानी के प्रणीत समैया, नर्मदापुरम के प्रवीण रघुवंशी तथा बकतरा के उदय पटेल सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने प्रदेश संगठन द्वारा व्यापारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।
सभा में यह मांग भी उठाई गई कि संगठन की सदस्यता लिंक को वर्तमान में सक्रिय रखा जाए ताकि जिन जिलों में सदस्यता अभियान अभी पूर्ण नहीं हुआ है, वहां नए सदस्यों को जोड़कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी संभागीय पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदेश सचिव श्री संजय रघुवंशी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री लखन सिंह केलवा ने व्यक्त किया। सम्मेलन का समापन संगठन को मजबूत बनाने, व्यापारियों के हितों की रक्षा करने तथा कृषि आदान व्यापार की चुनौतियों के समाधान हेतु सामूहिक प्रयासों के संकल्प के साथ हुआ।
यह भी पढेंः- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बिहार के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उर्वरक टैगिंग व्यवस्था पर रोक लगाने की मांग उठाई
