174 वर्षों के जलवायु इतिहास का अब तक का सबसे गर्म रहा अक्टूबर 

174 वर्षों के जलवायु इतिहास का अब तक का सबसे गर्म रहा अक्टूबर

एशिया, दक्षिण अमेरिका ने किया सबसे गर्म अक्टूबर का सामना

हलधर किसान (अंतर्राष्ट्रीय) ।अमेरिकी वैज्ञानिकों ने पुष्टि की है कि एशिया और दक्षिण अमेरिका के लिए अक्टूबर का महीना 174 वर्षों के जलवायु इतिहास का अब तक का सबसे गर्म अक्टूबर रहा।

जब तापमान नए शिखर पर पहुंच गया था। अफ्रीका, यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए भी यह रिकॉर्ड का दूसरा सबसे गर्म अक्टूबर था। यदि वैश्विक स्तर पर देखें तो अक्टूबर में तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया जो बीसवीं सदी के औसत तापमान से 1.34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह जानकारी नेशनल ओसेनिक एंड एटमोस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (एनओएए) के नेशनल सेंटर फॉर एनवायर्नमेंटल इंफॉर्मेशन (एनसीईआई) द्वारा 15 नवंबर 2023 को जारी रिपोर्ट में सामने आई है। आंकड़ों की मानें तो यह लगातार पांचवा महीना है जब बढ़ते तापमान ने नया रिकॉर्ड बनाया है। गौरतलब है कि इससे पहले 2023 में अब तक के सबसे गर्म जून, जुलाई, अगस्त और सितम्बर के महीने दर्ज किए गए।

वहीं यदि अक्टूबर की बात करें तो यह लगातार 47वां अक्टूबर है जब तापमान बीसवीं सदी के औसत तापमान से ज्यादा दर्ज किया गया है। इसी तरह यह लगातार 536वां महीना है जब तापमान औसत से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। वहीं 2014 से 2023 के पिछले दस अक्टूबर के महीनों को देखें तो ऐसा कोई भी महीना नहीं रहा जिन्होंने जलवायु इतिहास में कीर्तिमान न बनाए हों।

साल दर साल अक्टूबर के महीने में तापमान बढ़ता ही जा रहा है। वहीं यदि अक्टूबर 2023 की तुलना पिछले सबसे गर्म अक्टूबर के महीनों से करें तो तापमान 0.24 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। बता दें कि इससे पहले अब तक के सबसे गर्म अक्टूबर होने का खिताब अक्टूबर 2015 के नाम दर्ज था।

रिपोर्ट के मुताबिक न केवल जमीन पर बल्कि समुद्र भी बढ़ते तापमान के प्रभावों से सुरक्षित नहीं है। आंकड़ों के मुताबिक लगातार सातवें महीने, वैश्विक तौर पर महासागरों की सतह का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

यमुना को साफ और स्वच्छ करने हो रहा केमिकल छिड़काव पूरी खबर पढ़ें!

यदि जनवरी से अक्टूबर के बीच बढ़ते तापमान को देखें तो इस दौरान वैश्विक स्तर पर सतह का औसत तापमान 20वीं सदी के औसत तापमान से 1.13 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। जो उसे जलवायु रिकॉर्ड की अब तक की सबसे गर्म अवधि बनाता है।

एनसीईआई ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि इस बात की करीब 99 फीसदी से अधिक आशंका है कि 2023 दुनिया का अब तक का सबसे गर्म वर्ष होगा।

वहीं विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) भी इस बात की पुष्टि कर चुका है कि अल नीनो का प्रभाव अगले साल अप्रैल 2024 तक जारी रहेगा।

मतलब की इस साल में बढ़ते तापमान से छुटकारा पाने की सम्भावना बिलकुल न के बराबर है। डब्ल्यूएमओ के मुताबिक इस बढ़ते तापमान के साथ गर्मी, लू, बाढ़ जैसी चरम मौसमी घटनाओं में वृद्धि होने की आशंका लगातार बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *